बीते कुछ साल में महिलाओं ने बड़ी दूरी तय की है। आज वे पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रही हैं। पुरुष सदस्य पर उनकी आर्थिक निर्भरता घटी है। सरकार की तरफ से उन्हें प्रोत्साहन हासिल हैं। कई वित्तीय मामलों में उन्हें छूट या विशेष लाभ देने के प्रावधान हैं। हम यहां ऐसे ही वित्तीय फायदों के बारे में बता रहे हैं, जिन्हें हर आदमी को जानना चाहिए।
विशेष बचत खाते
बैंकों में महिलाओं के लिए खास बचत खातों की स्कीम मौजूद है। ये खाते आज की महिलाओं की वित्तीय, निवेश और लाइफस्टाइल की जरूरतों को पूरा करते हैं। इनमें तमाम तरह के रिवॉर्ड और कैशबैक ऑफर दिए जाते हैं। डेबिट कार्ड/क्रेडिट कार्ड से शॉपिंग करने वाली महिलाओं को इनकी पेशकश की जाती है। कुछ बैंकों ने थायरॉयड टेस्ट जैसी महिलाओं की चिकित्सा संबंधी जरूरतों पर छूट देना भी शुरू किया है। बच्चों की शिक्षा के लिए बचत की खातिर कामकाजी महिलाएं ‘जूनियर/किड अकाउंट’ खुलवा सकती हैं। इसमें न्यूनतम बैलेंस की अनिवार्यता से छूट दी गई है।
बीमा पर कम प्रीमियम
इंश्योरेंस पॉलिसी खरीदते हुए महिलाओं को प्रीमियम अदा करने में छूट दी जाती है। एक ही बीमित राशि के लिए पुरुषों की तुलना में उन्हें कम प्रीमियम देना पड़ता है। आईसीआईसीआईप्रोजेक्ट स्मार्ट पॉलिसी का ही उदाहरण लेते हैं। इसमें पुरुषों के लिए मासिक प्रीमियम 800 रुपये है। जबकि महिलाओं के लिए यह 710 रुपये है।
लोन पर कम ब्याज दर
कई बैंकों में महिलाओं के लिए होम लोन की ब्याज दरें कम हैं। यह अंतर करीब 0.05 फीसदी तक होता है। लंबी अवधि में यह बड़ा फर्क पैदा करता है। कार लोन के लिए भी यही बात लागू है। अगर इस छूट को बचत मान लें तो लंबी अवधि में यह बड़ी बचत का रास्ता खोलता है।
प्रॉपर्टी की खरीद में लाभ
कई राज्य सरकारें महिलाओं के नाम प्रॉपर्टी पर स्टांप ड्यूटी और ट्रांसफर ड्यूटी में छूट देती हैं। इससे प्रॉपर्टी सस्ती पड़ती है। दिल्ली का ही उदाहरण लेते हैं। यहां महिला खरीदारों के लिए स्टांप ड्यूटी 4 फीसदी है। जबकि पुरुषों के लिए यह 6 फीसदी है।
उद्यमिता को बढ़ावा
महिलाओं में उद्यमिता यानी आंत्रप्रेन्योरशिप को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने कई नीतियां बनाने के साथ तमाम स्कीम शुरू की हैं। ‘स्टैंड अप इंडिया’ के तहत महिला उद्यमी को मैन्यूफैक्चरिंग या ट्रेडिंग सेक्टर के क्षेत्र में 10 लाख रुपये से लेकर 100 लाख रुपये तक बैंक लोन दिया जाता है।
No comments:
Post a Comment