लखनऊ। समाजवादी पार्टी मुख्यालय पर 69वां गणतंत्र दिवस हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राष्ट्रीय ध्वज का ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर अखिलेश ने कहा कि संविधान ने सबको सम्मान से जीने का अधिकार दिया हैं। आज का दिन देश को आजादी दिलाने वाले अनगिनत स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को याद करने का है। पिछले सत्तर सालों की विकास यात्रा में दुनिया से भारत की तुलना करने में हम आज भी पीछे हैं। किसानों को खुशहाल बनाने और बेरोजगारी दूर करने की दिशा में संतोषजनक कार्य नहीं हुआ। जहां एक ओर अमीर लोगों के हाथों में संसाधन की अधिकता होती जा रही है, वहीं दूसरी ओर गरीबों का जीवन बदतर होता जा रहा है। अमीर-गरीब के बीच की खाई लगातार बढ़ती जा रही है। किसान आत्महत्या करने को मजबूर हैं। लाल किले से किया गया वादा सिर्फ वादा बनकर रह गया है।

पूर्व मुख्यमंत्री श्री यादव ने कहा कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर भारत के लोगों को भारतीय संविधान को बचाने के लिए सजग रहना होगा तभी स्वतंत्रता आंदोलन के मूल्य की रक्षा भी हो सकेगी। श्री यादव ने कहा कि समाजवादियों को सतर्क रहना होगा। आज के दिन हमें संकल्प लेना चाहिए कि हम अपने रास्ते से नहीं हटेंगे जब तक किसान, गरीब, नौजवानों को उनका सम्मान नहीं दिला देते। समाजवादियों की चिंता हमेशा समाज को मजबूत करने की रही हैं। देश की आजादी के लिये हिन्दू-मुसलमान ने मिलकर लड़ाई लड़ी। सामाजिक रूप से अभी भी कई वर्गों को अवसर नहीं मिला। इसके लिये समाजवादियों को आगे आना होगा।
लाखों भारतवासियों की कुबार्नियों के बाद हासिल हो सकी है आजादी : मुलायम
इस अवसर पर मौजूद सपा के संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए अपने सम्बोधन में कहा कि आजादी त्याग, बलिदान और लाखों भारतवासियों की कुबार्नियों के बाद हासिल हो सकी। देश की आजादी से समाजवादियों का गहरा नाता रहा है। डॉ0 लोहिया के समाजवादी आंदोलन से जुड़कर समाजवादी लोगों ने स्वतंत्रता संग्राम और आजादी के बाद दलितों, पिछड़ों अल्पसंख्यकों, महिलाओं, छात्रों-नौजवानों को अधिकार को अधिकार दिलाने का काम किया। जिससे संविधान के अनुसार देश का हर व्यक्ति गरिमा और सम्मान से जीवन व्यतीत कर सके।
इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम के रूप में सपेरों ने प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, सांसद किरणमय नंदा, नेता प्रतिपक्ष अहमद हसन, प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, राष्ट्रीय सचिव राजेंद्र चौधरी, पूर्व मंत्री आरके चौधरी, डॉ0 मधु गुप्ता, एसआरएस यादव, उदयवीर सिंह, राजेश यादव राजू उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment