
मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपने आक्रामक भाषण में विपक्षी दलों की संयुक्त रूप से निकाली गई ‘संविधान बचाओ’ रैली पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भारत का संविधान इतना शक्तिशाली है कि उसका कोई बाल भी बांका नहीं कर सकता। उसे किसी से सुरक्षा की कोई दरकार नहीं है। लिहाजा, विपक्ष ने ‘संविधान बचाओ’ रैली नहीं बल्कि विपक्ष बचाओ रैली निकाली।
मुख्यमंत्री श्री फड़णवीस भाजपा की ओर से गणतंत्र दिवस के दिन शिवाजी पार्क के चैत्यभूमि से एलफिंस्ट्न रोड के कामगार मैदान तक निकाली गई’तिरंगा यात्रा’ के बाद हुई सभा को संबोधित कर रहे थे। रैली में भारतीय जनता युवा मोर्चा, मुंबई के अध्यक्ष मोहित कंबोज ने मुख्य़मंत्री का स्मृतिचिन्ह देकर स्वागत किया। करीब दो किलोमीटर लंबी रैली में 20 हजार से ज्यादा लोगों ने हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने सफल रैली के सभी नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया।
सभा को संबोधित करते हुए श्री फड़णवीस ने कहा कि यह अजीब बात है कि देश में इमरजेंसी लगाने वाले लोग संविधान बचाओं रैली निकाल रहे हैं। श्री फड़णवीस ने कहा कि भाजपा के शासन में देश के साथ-साथ महाराष्ट्र में अच्छा विकास कार्य हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों की रिपोर्ट के मुताबिक भारत में जितना विदेशी निवेश हो रहा है, उसका पचास फीसदी निवेश महाराष्ट्र में हो रहा है। इसी तरह देश में बुनियादी ढाचे के विकास की जितनी परियोजनाएं चल रही हैं। उनमें पचास फीसदी परियोजनाएं महाराष्ट्र में चल रही है।
तिंरगा यात्रा के प्रमुख कार्यक्रम के आयोजक मोहित कंबोजल ने सभी भाजपा और भाजयुमो कार्य़कर्ताओं का आभार व्यक्ति करते हुए विशाल और शानदार रैली निकालने के लिए बधाई दी।

No comments:
Post a Comment