लखनऊ। उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक ने आज संत गाडगे प्रेक्षागृह में ‘राष्ट्रीय मतदाता दिवस 2018’ का उद्घाटन किया। इस मौके पर राज्यपाल ने सुझाव दिया कि लोक सभा, विधान सभा, ग्राम पंचायत एवं शहरी निकाय की एक मतदाता सूची होने पर विचार किया जाये। एक मतदाता सूची के लिये जो भी प्रक्रिया अपनाई जानी हो उस पर चुनाव आयोग, केन्द्र सरकार एवं राज्य सरकार मंथन करें।
उन्होंने कहा कि कि भारत सबसे बड़ा जनतंत्र है। संविधान ने भारत के सभी व्यस्क नागरिकों को मतदान का अधिकार दिया है। लेकिन कई बार लोग शिकायत करते हैं कि विधान सभा निर्वाचन में उन्होंने मतदान किया था पर ग्राम पंचायत एवं शहरी निकाय की मतदाता सूची में उनका नाम नहीं था। चुनाव डयूटी में लगे कर्मी, जो मतदान नहीं कर पाते, उनके लिए मतदान की प्रक्रिया का सरलीकरण होना चाहिए। 2019 में होने वाले लोक सभा चुनाव में शत प्रतिशत योग्य मतदाता सूची बने तथा ठीक प्रकार से मतदाता सूची में नाम अंकित हो। उन्होंने कहा कि मतदान से कोई वंचित न हो, इसका ध्यान रखा जाये।
एक वोट से सरकारें बनती और बिगड़ती हैं : नाईक
श्री नाईक ने कहा कि जागरूक जनतंत्र में मतदान का अपना महत्व होता है। सरकारें मतदान के आधार पर बनती हैं। राज्यपाल ने बताया कि 1998 में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में 23 पार्टियों के सहयोग से सरकार बनी थी। अविश्वास प्रस्ताव आने पर सरकार गिर गयी जिससे एक वोट का महत्व पता चलता है। उन्होंने कहा कि एक वोट से सरकारें बनती और बिगड़ती हैं।
राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज कुमार ने कहा कि संविधान की सबसे महत्वपूर्ण देन है मतदान का अधिकार। मतदान के महत्व को हमें समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि सामाजिक बदलाव का सबसे बड़ा साधन है मतदान। मुख्य निर्वाचन अधिकरी श्री वेंकटेश्वर लू ने कहा कि संविधान के निर्माण करने वाले महापुरूषों ने मतदान का अधिकार दिया है। मतदान का महत्व समझें तथा उनके सपनों को साकार करने के लिये मतदान करें।
इस अवसर पर राज्यपाल ने विधान सभा चुनाव 2017 को व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से कराने वाले महानिरीक्षक कानून एवं व्यवस्था हरिराम शर्मा, आईजी रमित शर्मा, पूर्व जिलाधिकारी इलाहाबाद संजय कुमार, योगेश्वर राम मिश्र, वैभव श्रीवास्तव, दिनेश चन्द्रा, राम केवल तिवारी, समीर वर्मा, एनआईसी के महानिदेशक सौरभ गुप्ता सहित अन्य लोगों को भी स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। राज्यपाल ने मतदाता दिवस पर ‘शपथ’ दिलायी तथा प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।


No comments:
Post a Comment