MP: उपचुनाव में भाजपा दोनों सीटें हारी, कांग्रेस से लहराया परचम | Alienture हिन्दी

Breaking

Post Top Ad

X

Post Top Ad

Recommended Post Slide Out For Blogger

Wednesday 28 February 2018

MP: उपचुनाव में भाजपा दोनों सीटें हारी, कांग्रेस से लहराया परचम

भोपाल। मध्य प्रदेश उपचुनाव के नतीजे कांग्रेस के लिए होली का त्योहार हो गया। यहां अशोकनगर जिले की मुंगावली विधानसभा और शिवपुरी जिले की कोलारस विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव में कांग्रेस ने जीत हालिस की है। जहां मुंगावली सीट पर कांग्रेस के उम्मीदवार बृजेन्द्र सिंह यादव ने 2,124 वोट से जीत दर्ज की। वहीं कोलारस सीट पर पार्टी के कैंडिडेट महेन्द्र सिंह यादव ने 8000 से अधिक मतों के अंतर से विजय हासिल की।

निर्वाचन अधिकारी ने यहां बताया कि कांग्रेस उम्मीदवार बृजेन्द्र सिंह यादव को कुल 70,808 वोट मिले। जबकि भाजपा की उम्मीदवार बाई साहब यादव को 68,684 मत मिले। उधर कोलारस सीट पर आए नतीजों में कांग्रेस के हिस्से 82515 वोट पड़े, जबकि बीजेपी को 74432 वोट मिले। बता दें कि सुबह से ही दोनों सीटों पर कांग्रेस ने बीजेपी पर बड़ी बढ़त बनाई हुई थी।
बता दें कि कांग्रेस के महेन्द्र सिंह कालूखेड़ा ने वर्ष 2013 के आम चुनाव में मुंगावली विधानसभा सीट 20,765 मतों के अंतर से जीती थी। कालूखेड़ा के निधन के कारण यह उपचुनाव हुए।
इससे पहले कोलारस विधानसभा सीट पर 23 राउंड में गिनती हुई। बता दें कि कोलारस में 10वें राउंड तक काउंटिंग होने के बाद यहां कांग्रेस 1179 वोट से आगे थी।

24 फरवरी को दोनों विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव के लिए वोटिंग हुई थी। मुंगवाली में 77.05 फीसदी मतदान दर्ज किया गया था तो कोलारस में 70.4 फीसदी वोटिंग हुई थी। मतगणना के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मुंगावली में कुल 13 उम्मीदवार जबकि कोलारस में कुल 22 प्रत्याशी चुनावी समर में भाग्य आजमा रहे हैं। मुंगावली में मतों की गणना 19 राउंड में हुई, वहीं कोलारस उपचुनाव के वोटों की गिनती 23 राउंड में पूरी होगी।
इससे पहले एक अधिकारी ने बताया कि पहले चक्र की मतगणना के बाद कोलारस में कांग्रेस उम्मीदवार महेन्द्र सिंह यादव 514 मतों से आगे हैं। उन्होंने बताया कि प्रारंभ में डाक मतपत्रों की गिनती की गई।

प्रदेश के शिवपुरी जिले की कोलारस विधानसभा क्षेत्र और अशोकनगर जिले की मुंगावली विधानसभा के उपचुनाव परिणाम को बड़ी ही संजीदगी से देखा जा रहा है क्योंकि इस साल के अंत में प्रदेश में विधानसभा के चुनाव होने हैं। इसलिये इस उपचुनाव को आम चुनाव का सेमी फायनल कहा जा रहा है। दोनों विधानसभा क्षेत्र कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के लोकसभा क्षेत्र गुना का हिस्सा हैं।

 

No comments:

Post a Comment

Post Top Ad