लखनऊ। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में 07 साल की बच्ची से दुष्कर्म और हत्या के प्रयास मामले में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा को घेरा है। उन्होंने कहा है कि जो सरकार महिलाओं और बच्चियों की इज्जत और सुरक्षा नहीं कर सकती है उसे सत्ता में बने रहने का हक नहीं हैं।

अखिलेश ने कहा कि मंदसौर में बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना अत्यंत अमानवीय और हृदय विदारक है। मानवता को शर्मसार करने वाली इस घटना से सभी का सिर लज्जा से झुक जाना चाहिए। लेकिन बेहद क्षोभ और शर्म का विषय है कि भाजपा शासित राज्यों में महिलाओं और बच्चों तक के साथ क्रूरता की घटनाओं में बढ़ोतरी के प्रति भाजपा सरकारें संवेदनशून्य जैसा बर्ताव करती दिखाई देती है।
पार्टी की ओर से आईपीएन को भेजे बयान में अखिलेश ने कहा कि केन्द्र सरकार के अधीन दिल्ली हो या भाजपा की राज्य सरकारें हर जगह बच्चियां तक असुरक्षित हैं। हत्या, अपहरण और बलात्कार की घटनाओं पर इन राज्यों में अंकुश नहीं होने से अपराधियों के मन बढ़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भी आए दिन ऐसे दुष्काण्ड होते रहते है। भाजपा नेता बातें तो बड़ी-बड़ी करते हैं पर जमींनी हकीकत में उनके परिणाम शून्य ही रहते हैं।
अखिलेश मांग की कि बलात्कार की घटनाओं पर शासन प्रशासन अत्यंत कठोर कार्यवाही करे ताकि अपराधियों को कड़ा दंड मिल सके। उन्होंने कहा कि जो सरकार महिलाओं और बच्चियों की इज्जत और सुरक्षा नहीं कर सकती है उसे सत्ता में बने रहने का हक नहीं हैं। जनता भाजपा को इन घटनाओं के लिए माफ नहीं करेगी।

No comments:
Post a Comment