लखनऊ। उत्तर प्रदेश के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने सोमवार को लखनऊ के लोकबन्धु राजनारायण संयुक्त चिकित्सालय में विशेष संचारी रोग नियंत्रण माह का शुभारम्भ किया। इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री ने संचारी रोग नियंत्रण माह में जागरूकता वैन को हरी झंडी दिखाई एवं वृक्षारोपण एवं जागरूकता प्रदर्शनी का अवलोकन किया। साथ ही मंत्री ने दिव्यांग बच्चों को व्हील चेयर भी वितरित किया।

इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ ने कहा कि इस अभियान में किसी भी प्रकार ढ़िलाई बर्दाश्त नहीं की जायेगी। यदि किसी जिले में शिकायत पायी गयी तो इसके लिए सीधे सीएमओ जिम्मेदार होंगे। स्वास्थ्य महानिदेशक डा. पदमाकर सिंह ने कहा कि प्रदेश में दिमागी बुखार की प्रभावी रोकथाम के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। इस बार सरकार ने इस अभियान को पूरे जुलाई माह भर चलाने का फैसला किया है। यह अभियान उत्तर प्रदेश के 38 जनपदों में चलेगा। इस अभियान में स्वास्थ्य को 11 अन्य विभाग मदद कर रहे हैं। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य दिमागी बुखार की रोकथाम करना तथा मरीजों को त्वरित उपचार उपलब्ध कराने के साथ जन जागरूकता फैलाना है।

स्वास्थ्य महानिदेशक ने कहा कि दस्तक के प्रथम अभियान में रोग से बचाव के उपायों पर बल दिया गया था। दस्तक के दूसरे अभियान में इसके साथ रोग के त्वरित उपचार तथा इसके लिए सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के विषय में लोगों को जागरूक किया जायेगा। इस मौके पर स्वास्थ्य राज्यमंत्री डा. महेन्द्र सिंह, सचिव स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण वी.हेकाली झिमोमी और लखनऊ के सीएमओ डा. नरेन्द्र अग्रवाल प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

No comments:
Post a Comment