
लखनऊ। एसोफैगल कैंसर यानी कि फूड पाइप का कैंसर आज के समय में काफी आम हो गया है। मानव शरीर में फूड पाइप गले से पेट तक जाती है। हम जो भी खातें हैं वो फूड पाइप के जरिए पेट तक जाता है जिसके बाद पाचन का प्रॉसेस शुरू होता है। इस फूड पाइप को ग्रासलीन के नाम से भी जाना जाता है। एसोफैगल कैंसर की शुरुआत उन कोशिकाओं से होती है जो खाने की नली के अंदर पाई जाती हैं। यह कोशिकाएं खाने की नली के अंदर असामान्य तरीके से बढ़ने लगती हैं जो बाद में एक जगह पर एकत्रित होकर जमने लगती हैं। जमी हुई कोशिकाएं ट्यूमर का रूप ले लेती हैं जो बाद में पूरे शरीर में फैल सकता है।
50 की उम्र से ज्यादा के लोगों में होता कैंसर

वैसे तो यह कैंसर ज्यादातर 50 की उम्र से ज्यादा के लोगों में होता है लेकिन कभी.कभी यंग ऐज में भी इस कैंसर के होने की पूरी संभावनाएं होती हैं।नई दिल्ली स्थित हेल्दी ह्युमन क्लीनिक के सेंटर फॉर लीवर ट्राप्लांट एंड गैस्ट्रो साइंसेज के डायरेक्टर डा.रविंदर पाल सिंह मल्होत्रा का कहना है की इस कैंसर का शुरुआती लक्षण होता है खाने को निगलने में परेशानी यानी कि फूड पाइप में सूजन आ जाती है जिसके कारण खाना निगलने में काफी असहजता महसूस होती है। अगर इसका इलाज शुरुआत में ही शुरू हो जाए तो इस कैंसर से आसानी से छुटकारा पाया जा सकता है। लेकिन इसके लिए जरूरी है कैंसर के लक्षणों को सही समय पर पहचानना।
एसोफैगल कैंसर के कई कारण
वैसे तो एसोफैगल कैंसर के कई कारण हो सकते हैं। जैसे कि लंबे समय से शराब का ज्यादा सेवन, धूम्रपान, मोटापा, बाजार की तली भुनी चीजें खाना, लंबे समय से एसिडिटी की तकलीफ, फल और सब्जियों का कम सेवन आदि लेकिन फिर भी अभी तक इसके स्पष्ट कारण की पहचान नहीं हो पाई है। इन सब के कारण फूड पाइप के आकार में बदलाव आते हैं जिसके कुछ सालों बाद भयंकर जलन शुरू हो जाती है।
यह करेें तो बच सकते एसोफैगल कैंसर से
अगर लाइफस्टाइल में सही बदलाव किए जाएं तो एसोफैगल कैंसर को होने से रोका जा सकता है। ज्यादा से ज्यादा पानी पीना, हरी सब्जियां और ताजे फल खाना, कम मिर्च.मसालेदार और कम तलाभुना खाना, बाहर के बजाय घर का सादा भोजन खाना, खाने के बाद आधे घंटे वॉक करना,ये सब आदतें आपको इस कैंसर के होने से तो बचाएंगी ही बल्कि अन्य बीमारियों से भी दूर रखेंगी।
यह लक्षण दिखने पर मिले किसी चिकित्सक से
एसोफैगल कैंसर से होने वाले लक्षण बिना किसी बीमारी के भी उभर सकते हैं। इसलिए अगर आपको फूड पाइप से जुड़ी कोई भी परेशानी हो या कोई लक्षण नजर आए जो कि कई हफ्तों से लगातार आपको परेशान कर रहे हैं तो तुरंत किसी अच्छे चिकित्सक से संपर्क करें और इसका समय पर इलाज करवाएं। इसके सामान्य लक्षणों में शामिल है भोजन ठीक से न निगल पाना, छाती में भारीपन, सीने में जलन, अपच, बार.बार उल्ली होना,खांसी के साथ खून आना,भूख न लगना, वजन कम होना आदि।

No comments:
Post a Comment