नई दिल्ली। भारतीय छात्रों को पाक अधिग्रहीत जम्मू-कश्मीर के उच्च शैक्षणिक संस्थानों में प्रवेश देने की पाकिस्तान की साजिश से केंद्र सरकार ने सतर्क किया है। छात्रों को ऐसे फर्जी संस्थानों से बचने की सलाह दी है। साथ ही कहा है कि इन संस्थानों की डिग्री पूरी तरह से फर्जी है। यूजीसी या एमसीआई जैसे संस्थानों से इनकी कोई सम्बद्धता नहीं है। पाकिस्तान की इस चाल को भारतीय युवाओं को लुभाने की एक नई साजिश के रुप में देखा जा रहा है।
विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने मानव संसाधन विकास मंत्रालय की रिपोर्ट पर इसे लेकर एक एडवाइजरी भी जारी की है। जिसमें कहा गया है कि पाक अधिग्रहीत जम्मू-कश्मीर में कुछ ऐसे फर्जी उच्च शिक्षण संस्थान संचालित किए जा रहे है, जो भारतीय छात्रों को अपने यहां प्रवेश देने की कोशिश कर रहे है। जिनकी डिग्रियां पूरी तरह से फर्जी है।
इनमें विश्वविद्यालय, मेडिकल कालेज और इंजीनियरिंग काॅलेज जैसे फर्जी संस्थान शामिल है। यूजीसी से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक पहली बार उनकी ओर से इस तरह की एडवाइजरी जारी की गई है।
रिपोर्ट के मुताबिक पाक अधिग्रहीत में छात्रों में भारतीय नामों से मिलते जुलते कई उच्च शिक्षण संस्थानों को खोलने का दावा किया जा रहा है। बेवसाइट के जरिए इनमें प्रवेश के लिए छात्रों को ढेर सारे लुभावने आफर दिए जा रहे है।
सूत्रों की मानें तो भारतीय छात्रों को पाकिस्तान की इस साजिश से बचाने के लिए पहले से अलर्ट किया जा रहा है। साथ ही इन वेबसाइट से सर्च करने वाले छात्रों पर नजर भी रखी जा रही है।

No comments:
Post a Comment