गुजराती मेथी मुठिया गुजरात की एक विशेष रेसपी है। इसे मेथी के पत्तों को काटकर बनाया जाता है। मेथी के पत्ते हरी सब्ज़ी है जो आपकी सेहत के लिए भी फ़ायदेमंद है। मेथी गरम होती है इसीलिए सर्दी के मौसम में मेथी मुठिया नाश्ते में बहुत पसंद की जाती है। मेथी मुठिया भाप से पकाकर बनाई जाती है जिससे इसके सेवन से वज़न बढ़ने का डर भी नही रहता है। वज़न कम करने वालों के लिए यह एक परफ़ेक्ट नाश्ता है। गुजराती मुठिया को आप नाश्ते में चाय और टमाटर की चटनी के साथ ज़रूर टेस्ट करें।
गुजराती मेथी मुठिया रेसपी
गुजराती मेथी मुठिया को बनाने के लिए आप अपने किचन में निम्न सामान को एकत्रित करके रख लीजिए…
[आवश्यक सामग्री”]
– मेथी के पत्ते – 500 ग्राम
– अदरक का पेस्ट – 1 चम्मच
– हरी मिर्च का पेस्ट – 1 चम्मच
– मकई का आटा – 50 ग्राम
– चावल का आटा – 50 ग्राम
– बेसन – 100 ग्राम
– हल्दी पाउडर – 1/2 चम्मच
– जीरा भुना हुआ – 1/2 चम्मच
– खाने वाला सोडा – 1 चुटकी
– हींग – 1 चुटकी
– नमक – स्वादानुसार
– तेल – 1 चम्मच
– तेल – 2 चम्मच
– राई – 1/2 चम्मच
– करी पत्ता – 6
[गुजराती मेथी मुठिया बनाने का तरीका”]
1. सबसे पहले मेथी के पत्तों को काटकर धोकर के रख लीजिए।
2. अब एक बर्तन में मेथी के पत्ते, चावल का आटा, मकई का आटा, बेसन, अदरक का पेस्ट, हरी मिर्च का पेस्ट, हल्दी, जीरा, खाने वाला सोडा, हींग, नमक और 1 चम्मच तेल डालकर सभी सामग्री को मिक्स कर लीजिए।
3. अब ज़रूरत के अनुसार थोड़ा पानी डालकर मुलायम आटा गूथें।
4. गूँथे हुए आटे की छोटी छोटी मुठिया बनाकर एक जालीदार छन्नी में रख लीजिए।
5. अब मुठिया को भाप से पकाने के लिए कुकर को गैसचूल्हे पर चढ़ा दीजिए।
6. कुकर में 2 गिलास पानी डालकर गरम करें।
7. फिर इस कुकर में एक बड़ी कटोरी डालकर उसके ऊपर मुठिया वाली छन्नी रख दीजिए।
8. अब कुकर का ढक्कन बंद कर इसे लगभग 30 मिनट तक भाप से पका लीजिए।
9. लगभग 30 मिनट बाद कुकर का ढक्कन खोलकर मुठिया को बाहर निकाल कर रख लीजिए।
10. अब तड़का लगाने के लिए एक पैन में 2 चम्मच तेल गरम करें।
11. फिर इसमें राई और करी पत्ता का तड़का लगाइए।
12 अब इसमें मुठिया के पीस डाल कर 5 से 10 मिनट तक फ्राई कर एक प्लेट में निकाल लीजिए।
13. अब गरमागरम क्रिस्पी गुजराती मेथी मुठिया को मनपसंद चटनी के साथ सर्व करें।

No comments:
Post a Comment