नई दिल्ली। महाराष्ट्र के औरंगाबाद में कल रात दो समुदायों के बीच शुरू हुई हिंसा इतनी बढ़ गई कि इलाके में धारा 144 लागू कर दी गई है। ये हिंसा दो समुदायों के बीच हुए एक छोटे से झगड़े से शुरू हुई। इस हिंसा की चपेट में शहर के गांधीनगर, राजाबाजार और शाहगंज आ गए। इस हिंसा में दो की मौत हो गई है जबकि 41 लोग घायल हो गए हैं। घायलों में 15 पुलिसकर्मी शामिल हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए वहां पर इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बीती पूरी रात से थोड़ी-थोड़ी देर में हिंसक झड़पें होती रहीं। इसमें पत्थरबाजी के साथ-साथ दुकानों में आगजनी की गई। इस हिंसा पर काबू पाने के लिए पुलिस को गोलीबारी का भी सहारा लेना पड़ा जिसमें एक बच्चा घायल हो गया। स्थिति काबू में नहीं आ रही थी जिसके बाद इलाके में धारा 144 लागू कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि यह हिंसा एक झगड़े से शुरू हुई जो कि अवैध रूप से लगाई गई पानी की पाइप लाइन काटने में भेदभाव को लेकर हो रहा था। वहीं दूसरी तरफ कुछ लोगों द्वारा ये भी कहा जा रहा है कि एक फल की दुकान पर लेनदेन को लेकर दो लोगों में झगड़ा शुरू हुआ जो धीरे-धीरे दो गुटों में तब्दील हो गया।


No comments:
Post a Comment