सुनवाई न होने पर ग्रामीणों का ख़ौला खून, पथराव व गोलीबारी में युवक समेत तीन घायल | Alienture हिन्दी

Breaking

Post Top Ad

X

Post Top Ad

Recommended Post Slide Out For Blogger

Tuesday, 15 May 2018

सुनवाई न होने पर ग्रामीणों का ख़ौला खून, पथराव व गोलीबारी में युवक समेत तीन घायल

गोरखपुर। गोरखपुर के गगहा थाने में मंगलवार सुबह पंचायत के लिए एकत्र हुए अस्थौला गांव के लोगों ने सुनवाई न होने पर जमकर हंगामा किया। इस दौरान उन्होंने थानेदार की निजी गाड़ी तथा थाने के बाहर खड़ी बस व बाइक क्षतिग्रस्त कर दी। पुलिस वालों के सख्ती करने पर उन्होंने पथराव शुरू कर दिया। इसी बीच चली गोली से 12 वर्षीय बालक सहित तीन ग्रामीण घायल हो गए हैं। आरोप है कि तीनो ग्रामीण पुलिस की गोली से घायल हुए हैं। हालांकि आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

विवाद की वजह अस्थौला गांव में ग्राम समाज की जमीन पर चल रहा निर्माण कार्य बताया जा रहा है। आरोप है कि ग्राम समाज की जमीन पर ग्राम प्रधान अवैध रूप से निर्माण कार्य करा रहे थे। ग्रामीणों का एक पक्ष इसके विरोध में था। निर्माण कार्य रुकवाने के लिए उन्होंने थाने में तहरीर दी थी। इसके लिए गांव के दोनों पक्षों को रविवार को थाने में बुलाया गया था। थाने में पंचायत के बाद भी कोई नतीजा नहीं निकला। दूसरे दिन सोमवार को भी विवाद को लेकर थाने में पंचायत होती रही। कोई हल न निकलने पर मंगलवार को भी दोनों पक्षों को पंचायत के लिए थाने में बुलाया गया था।

पंचायत के दौरान एक पक्ष के लोग पुलिस पर प्रधान की मदद करने का आरोप लगाते हुए भड़क गए। उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार किया तो ग्रामीण और भड़क और तोडफ़ोड़ शुरू कर दी। थाना परिसर में खड़ी थानेदार की निजी कार को बुरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया। बाद में उग्र ग्रामीणों ने थाने के सामने खड़ी रोडवेज बस और पुलिसकर्मियों की बाइक को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।

हंगामे के बीच चली गोली से अस्थौला गांव के 60 वर्षीय जीतू, 18 वर्षीय भोलू और 12 वर्षीय दीपक घायल हो गए। तीनों घायलों को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से डाक्टरों ने उन्हें गोरखपुर रेफर कर दिया है। अधिकारियों के निर्देश पर आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई है। बड़ी संख्या में ग्रामीण थाने के इर्द-गिर्द जमा हो गए हैं।फिलहाल गांव में काफी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। खबर लिखे जाने तक स्थिति को नियंत्रण कर लिया गया है।

No comments:

Post a Comment

Post Top Ad