कई बार की चैंपियन ब्राजील और सर्बिया के बीच बुधवार को कांटे की टक्कर होने की संभावना है। दोेनों टीमों के पास ग्रुप में शीर्ष पर आने, दूसरी टीम के रूप में अगले दौर में प्रवेश पाने और या बाहर होने का खतरा भी है।
ब्राजील ने पहला मैच स्विट्जरलैंड के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेला था लेकिन कोस्टा रिका के खिलाफ 2-0 से मिली जीत से उसकी संभावनाएं मजबूत हो गईं। सर्बिया ने कोस्टा रिका के खिलाफ 1-0 से जीत हासिल की लेकिन स्विट्जरलैंड के खिलाफ उसे 1-2 से हार का सामना करना पड़ा।
ब्राजील की टीम में बदलाव की संभावना नहीं है। वहीं टीम उतर सकती है जिसने कोस्टारिका के खिलाफ जीत दिलाई थी। फिलिप कोटिन्हो और नेमार ने अंतिम क्षणों में गोल किए थे। उधर सर्बिया के छह खिलाड़ियों को कार्ड दिखाए जा चुके हैं और एक और कार्ड देखने का मतलब है कि अंतिम-16 में प्रवेश पाने पर टीम को मुश्किल हो सकती है लेकिन फिर भी सर्बियाई कोच के पास अपनी श्रेष्ठ टीम उतारने के अलावा कोई चारा नहीं है।इस विश्व कप में ब्राजील का प्रदर्शन हैरत भरा है क्योंकि खेल महाकुंभ से पहले तैयारियों के दौरान उसने 21 में से केवल एक मैच हारा था। कुल 47 गोल किए थे और केवल पांच गोल उसके खिलाफ हुए थे।
सर्बिया के खिलाफ उसे ड्रॉ भर से नॉकआउट में प्रवेश मिल सकता है। यदि वह जीत जाती है और दूसरे स्थान पर मौजूद स्विट्जरलैंड की टीम कोस्टा रिका को हरा देती है तो दोनों टीमों के पास सात-सात अंक होंगे लेकिन गोल अंतराल में फिलहाल ब्राजील एक गोल से आगे है। यदि ब्राजील और स्विट्जरलैंड के अंक और गोल अंतराल एकसमान रहते हैं तो फिर फैसला अनुशासनात्मक रिकॉर्ड के आधार पर होगा। ब्राजील के खिलाड़ियों को तीन यलो कार्ड दिखाए गए हैं जबकि स्विट्जरलैंड के खिलाड़ियों को चार।
यदि सर्बिया की टीम मजबूत ब्राजील को हरा देती है तो अगले दौर में पहुंच जाएगी लेकिन यदि स्विट्जरलैंड को कोस्टा रिका के खिलाफ एक से ज्यादा गोल से हार मिली तो उसके लिए ड्रॉ भी काफी रहेगा। यदि सर्बिया को ग्रुप में शीर्ष पर आना है तो उसे अपनी जीत के अलावा यह दुआ भी करनी होगी कि स्विट्जरलैंड को कोस्टा रिका हरा दे।


No comments:
Post a Comment