लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने होमगार्ड्स स्वयंसेवकों के प्रतिदिन मानदेय को 375 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये किये जाने की घोषणा की है। होमगार्ड्स जवानों के कल्याण कोष की राशि 5 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये की गयी है। साथ ही, होमगार्ड्स स्वयंसेवकों एवं अवैतनिक अधिकारियों के मानदेय की अवशेष देनदारी 71 करोड़ 9 लाख रुपये की राशि का भी भुगतान किया जाएगा। मुख्यमंत्री आज लखनऊ में मण्डलीय प्रशिक्षण केन्द्र होमगार्ड्स के उद्घाटन समारोह को सम्बोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर उन्होंने होमगार्ड्स कार्यालय के 14 करोड़ 33 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित 4 भवनों का लोकार्पण किया। साथ ही, उन्होंने ड्यूटी के दौरान दिवंगत हुए 27 होमगार्ड्स स्वयंसेवकों और अवैतनिक अधिकारियों के आश्रितों को 3-3 लाख रुपये के चेक वितरित किये। यह राशि मुख्यमंत्री सहायता कोष से प्रदान की गयी है। उन्होंने अच्छी वर्दी, अच्छे टर्न, अनुशासन एवं सराहनीय सेवाओं के लिए 10 होमगार्ड्स स्वयंसेवकों और अवैतनिक अधिकारियों को विभागीय पदक से सम्मानित भी किया।
मुख्यमंत्री कहा कि उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स संगठन अपनी एक नई पहचान बनाने में सफल रहा है। उन्होंने उम्मीद जाहिर की कि नई सुविधाओं से होमगार्ड्स स्वयंसेवक अपने दायित्वों के निर्वहन को और कुशलतापूर्वक ढंग से सम्पादित कर सकेंगे।
योगी ने कहा कि होमगार्ड्स अच्छा प्रशिक्षण प्राप्त कर वे अनुशासित ढंग से ईमानदारी के साथ निष्ठापूर्वक कार्य करें, तो वे और अच्छी पहचान बना सकते हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि होमगार्ड्स स्वयंसेवक अपनी गौरवशाली परम्पराओं के अनुरूप भविष्य में भी अपनी भूमिका का निर्वहन करते रहेंगे और उपलब्धियों को प्राप्त करते हुए नई बुलन्दियों को छुएंगे। उन्होंने कहा कि समयबद्ध और सही ढंग से परियोजनाओं का निर्माण न होने से राष्ट्रीय क्षति होती है। परियोजनाओं में होने वाली देरी से उनकी लागत बढ़ती है, जिसकी कीमत पूरे समाज व प्रदेश को चुकानी पड़ती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि होमगार्ड्स विभाग का प्रदेश पुलिस के सहयोगी बल के रूप में महत्वपूर्ण स्थान है। अभी तक यह विभाग कई समस्याओं का सामना करता रहा है। पूर्व में इस संगठन को अपेक्षित महत्व नहीं दिया गया। आज होमगार्ड्स स्वयंसेवकों को अधिक ड्यूटियां प्राप्त हो रही हैं। उन्होंने कहा कि होमगार्ड विभाग की मूलभूत समस्याओं को चिन्हित करते हुए उनके चरणबद्ध निराकरण की कार्ययोजना लागू की गयी। पिछले 16 महीने के दौरान वर्तमान सरकार ने इस संगठन की अनेक समस्याओं का समाधान किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि होमगार्ड्स संगठन के विकास की अपार सम्भावनाएं हैं। इस संगठन को समय की आवश्यकता के अनुरूप विभिन्न अवसरों के लिए अपने को तैयार करना होगा। शान्ति व्यवस्था, यातायात प्रबन्धन और आपदा के समय पुलिस के सहयोगी संगठन के रूप में होमगार्ड्स प्रदेश के 22 करोड़ जनता की सेवा कर रहे हैं। आज सुरक्षा का कार्य एक चुनौती है। होमगार्ड्स, सुरक्षा और खासतौर से महिला सुरक्षा के लिए उचित प्रशिक्षण प्राप्त कर समाज की बेहतर सेवा कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि होमगार्ड्स संगठन इस बात पर भी विचार करे कि वे समाज के विभिन्न क्षेत्रों में क्या योगदान कर सकता है? और इसके लिए वह प्रशिक्षण प्राप्त कर कार्य करे। यदि होमगार्ड्स संगठन इस दिशा में आगे बढ़े तो स्वयंसेवकों की निरन्तर ड्यूटी की समस्या का निश्चित रूप से समाधान होगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि होमगार्ड्स की संख्या में पिछले साल 25,000 की बढ़ोत्तरी की गयी। होमगार्ड्स संगठन को और अधिक चुस्तदुरुस्त और मुस्तैद रखने के लिए जवानों को इंसास राइफलें उपलब्ध करायी गयीं। उन्होंने होमगार्ड्स संगठन को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति संवेदनशील बताते हुए कहा कि होमगार्ड्स जवानों द्वारा पूरे प्रदेश में एक लाख पौधे रोपित किये गये थे। इस वर्ष यह लक्ष्य 11 लाख वृक्षारोपण का है, जो निश्चित रूप से पूरा होगा। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर पौधा रोपित कर इस अभियान का शुभारम्भ भी किया।
Post Top Ad
Tuesday, 7 August 2018
होमगार्ड्स स्वयंसेवकों का मानदेय अब 500 रुपए प्रतिदिन : योगी
Subscribe to:
Post Comments (Atom)

No comments:
Post a Comment