एमडी ने सभी आरएम व एआरएम को जारी किए दिशानिर्देश
अनाधिकृत ढाबों पर बसें न रुकने पायें, चेकिंग के निर्देश
लखनऊ। शराब पीकर रोडवेज बसें चलाते पकड़े गए तो संबंधित चालक व परिचालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी। यही नहीं क्षेत्रीय प्रबन्धक प्रत्येक सप्ताह कम से कम एक दिन व एआरएम डिपो हर सप्ताह में दो दिन रात्रि चेकिंग के दौरान ब्रेथ एनलाइजर से 10-10 चालकों की चेकिंग करके साप्ताहिक रिपोर्ट मुख्यालय को प्रेषित करें। ये निर्देश शुक्रवार को यूपी रोडवेज के एमडी धीरज साहू ने सभी आरएम व एआरएम को दिये।
उन्होंने कहा कि निगम की बसों में चालकों द्वारा शराब पीकर वाहन संचालित करने जहां एक ओर यात्रियों के जानमाल की क्षति होने की संभावना रहती है वहीं दूसरी ओर निगम की छवि भी धूमिल होती है। संचालन कार्मिकों के इस प्रकार के कृत्य, अधिकारियों की लापरवाही दशार्ता है। इसके प्रभावी रोकथाम के लिए हर डिपो में एआरएम, सीनियर व जूनियर फोरमैन ऐसे चालकों को, जिनके सम्बंध में शराब पीकर गाड़ी चलाने की सूचना मिले, उन्हें चिन्हित करते हुए उनके विरूद्ध कड़ी कार्यवाही करें। इसके अलावा निगम बसों को अनाधिकृत रूप से संचालित ढाबों पर न रूकने दिया जाये। एमडी ने निर्देशित किया कि अनाधिकृत ढाबों पर बसें खड़ी पाये जाने पर संबंधित एआरएम सहित मुख्यालय व क्षेत्रीय चेकिंग स्क्वायड जिन्हें वह क्षेत्र आवंटित है, की जिम्मेदारी होगी।

No comments:
Post a Comment