जालौन। यूपी विधानसभा चुनाव में चर्चा का विषय बने गधे इस बार यूपी पुलिस की वजह से सुर्खियों में हैं। कई बार अपराधियों को ना पकड़ पाने का आरोप झेलने वाली उत्तर प्रदेश पुलिस ने अब गधों को हिरासत में लेना शुरू कर दिया है। बड़ी बात ये कि हिरासत में लेने के बाद इन गधों को 4 दिन तक थाने में रखा गया।
यह हास्यास्पद मामला उत्तर प्रदेश के जालौन जिले का है जहां पुलिस के द्वारा गधों के एक समूह को हिरासत में लिया गया था। मिली जानकारी के अनुसार उरई में हिरासत में लिए गए इन गधों ने जिला जेल के बाहर लगे पेड़ों को नुकसान पहुंचाया था जिसके बाद पुलिस के जवान इन्हें पकड़कर थाने में ले आए।
4 दिन हिरासत में रहे पकड़े गए गधे
हिरासत में लिए गए इन गधों को 4 दिनों तक थाने में ही रखा गया। फिर आज छोड़ दिया गया। इस घटना के बाद थाने के बाहर खड़े गधों की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर हुईं तो लोगों ने इसके बहाने पुलिस की कार्यवाही का मजाक बनाया। वहीं इस मामले पर उरई जिला जेल के हेड कॉन्स्टेबल आर. के. मिश्रा ने कहा कि इन गधों ने जेल के बाहर रखे कई महंगे पेड़ों को नुकसान पहुंचाया था। उन्होंने कहा कि इन गधों के मालिक को चेतावनी दी गई थी कि वह इन्हें खुले में ना छोड़े लेकिन जब उसने ये बात नहीं सुनी तो हम इन्हें पकड़कर थाने ले आए।
यूपी चुनाव के दौरान छिड़ी थी ‘गधों’ पर बहस
यूपी में विधानसभा के चुनाव के दौरान गधे चुनाव की बहस का एक बड़ा मुद्दा बने थे। चुनाव प्रचार के दौरान तत्कालीन सीएम अखिलेश यादव ने रायबरेली में एक सभा के दौरान गुजरात सरकार के पर्यटन विभाग के टीवी विज्ञापन की तरफ इशारा करते हुए कहा था, ‘एक गधे का विज्ञापन आता है। मैं सदी के महानायक से अपील करता हूं कि वह गुजरात के गधों का प्रचार न करें।’ इस बयान पर कटाक्ष करते हुए पीएम मोदी ने कहा था कि अगर दिल-दिमाग साफ हो तो किसी से भी प्रेरणा ली जा सकती है। पीएम ने कहा कि गधा अपने मालिक का वफादार होता है। कम खर्चे में पूरा काम करता है। गधा कितना भी बीमार हो, कितना भी थका हुआ हो, मालिक अगर काम लेता है तो बीमारी के बावजूद वह काम पूरा करता है।
-एजेंसी
The post पेड़ों को नुकसान पहुंचाने पर यूपी पुलिस ने हिरासत में लिए गधे appeared first on Legend News: Hindi News, News in Hindi , Hindi News Website,हिन्दी समाचार , Politics News - Bollywood News, Cover Story hindi headlines,entertainment news.

No comments:
Post a Comment