
वाराणसी। आस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में हो रहे राष्ट्रमंडल खेल में स्वण पदक जीतने वाली भारतीय भारोत्तोलक पूनम यादव, उनके परिजनों व साथियों पर शनिवार सुबह कुछ लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। बीच बचाव को आए पूनम के पिता, चाचा व चचेरे भाई की भी जमकर पिटाई की गई। पूनम रोहनियां थाना क्षेत्र के मुंगवार गांव में में रहने वाली अपनी बुआ से मिलने गयी थीं। वापस लौटते समय गांव के बाहर हमला हुआ। पुलिस की मदद से पूनम सुरक्षित थाने पहुंचीं। उधर, हमलावरों ने पूनम के चाचा की कार और साथियों की चार बाइक क्षतिग्रस्त कर दी। इस मामले में पुलिस को किसी पक्ष से कोई तहरीर नहीं मिली है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने बताया कि मुंगवार निवासी मिट्ठू यादव, कैलाश यादव तथा लुल्लुर यादव के बीच जमीन को लेकर काफी दिनों से विवाद है। शनिवार की सुबह करीब आठ बजे दोनों पक्षों में इसी को लेकर विवाद हुआ था। सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर मामला शांत कराया था। इसी मसले को लेकर दोपहर में भी विवाद हो गया। इसमें पूनम को भी निशाना बनाया गया। एक पक्ष के लुल्लुर का आरोप है कि पूनम अपनी बुआ मंजू यादव व मिट्ठू यादव के यहां आई थीं। उन्हीं लोगों की तरफ से दोबारा विवाद शुरू हुआ। वहीं मिट्ठू का कहना है कि विरोधियों ने ही उन पर हमला बोला और मारपीट की। मौके पर चार बाइकों को तोड़ डाला गया। इनमें पूनम यादव की स्कूटी भी शामिल है। पूनम के पिता कैलाश व चाचा गुलाब का आरोप है कि गांव के प्रधान पति श्रीप्रकाश यादव के ललकारने पर ही ग्रामीण उग्र हुए। घटना में पूनम की बुआ के पक्ष से गुलाब यादव, आशुतोष यादव, गुलाब यादव, रामआसरे, छोटू सहित सात जबकि विरोधियों की ओर से लुल्लुर यादव, शांति देवी, केशर देवी, कुल्लुर, परदेसी सहित छह को चोटें आई हैं।

No comments:
Post a Comment