अगले लोकसभा चुनाव से पहले एक बार फिर राम मंदिर का मुद्दा छाया हुआ है। हिंदू संगठनों के साथ-साथ बीजेपी के कई नेता भी जल्द मंदिर के निर्माण की मांग करते हुए केंद्र और यूपी सरकार पर हमला बोल रहे हैं। इसी कड़ी में विश्व हिंदू परिषद के पूर्व नेता प्रवीण तोगड़िया ने मोदी सरकार पर निशाना साधा है।

तोगड़िया ने कहा कि सरकार को संसद में कानून बनाकर राम मंदिर का निर्माण एकदम शुरू करना चाहिए, ऐसा न होने पर जनता उन्हें सबक सिखाएगी। उन्होंने कहा कि अगर ये फिर भी नहीं बनाया गया तो भगवान काल भैरव उन्हें दंड देंगे। ये बयान तोगड़िया ने कल यानि बुधवार को बाबा विश्वनाथ की नगरी वाराणसी पहुंचे थे। मंदिर में दर्शन करने के बाद तोगड़िया ने मीडिया से ये कहा।
पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए तोगड़िया ने कहा कि चार साल में मोदी सरकार ने संसद में हिंदुओं के हितों की रक्षा के लिए कोई कानून नहीं बनाया है। इस बात को उन्होंने धोखा बताते हुए कहा कि अभी भी देरी नहीं हुई है, सरकार को इसके लिए जल्द से जल्द कदम उठाना चाहिए। बता दें कि वीएचपी से अलग होकर तोगड़िया ने अपना नया संगठन अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद बनाया है और कहा कि इसकी शुरुआत हिंदुओं के धार्मिक, आर्थिक और राजनीतिक हितों की रक्षा के लिए हमने इसकी शुरुआत की है।

No comments:
Post a Comment