देवरिया 4 मार्च ।प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नरेन्द्र मोदी पांच साल और प्रधानमंत्री होंगे और भारत दुनिया की बड़ी ताकत बनेगा। भारत दुनिया की तीन बड़ी अर्थव्यवस्थाओं और ताकतों वाले देशों में एक होगा। उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार में भारत दुनिया की ग्यारहवीं नंबर की अर्थव्यवस्था वाला देश था, लेकिन नरेन्द्र मोदी के पांच साल के कार्यकाल में भारत विश्व की छठवीं अर्थव्यवस्था वाला देश बन गया है। उन्होंने कहा कि आतंकवादी प्यार की भाषा नहीं समझते हैं। इसीलिए भारतीय सैनिकों ने शिव ताडंव किया।
आज सोमवार को पथरदेवा के मेदीपट्टी गांव में नर्मदेश्वर भगवान मंदिर के कार्यक्रम में आए मुख्यमंत्री ने सभा को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने सबसे पहले मंदिर में पूजा की। इसके बाद उन्होंने 71 करोड़ की लागत की 43 परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया। उन्होंने महाशिवरात्रि की शुभकामना देते हुए कहा कि देश में 2014 में जब देश में कांग्रेस की सरकार थी तो भारत दुनिया की ग्यारहवीं अर्थव्यवस्था था। अर्थात दुनिया में हम ग्यारहवें नंबर पर थे। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी के अथक प्रयास से आज भारत दुनिया की छठवीं अर्थव्यवस्था बन गया है। उन्होंने नरेन्द्र मोदी के पांच साल तक और देश का प्रधानमंत्री बने रहने का विश्वास जताते हुए कहा कि उन पांच वषार्े में भारत दुनिया के तीन बड़ी अर्थव्यवस्था व तीन बड़ी ताकत वाले देशों में एक रहेगा। यह कार्य भारत नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश करेगा।
उन्होंने त्रिपुरासुर नामक राक्षस पर किए शिव तांडव का उल्लेख करते हुए कहा कि हमारे सैनिकों ने उसी तरह का शिव तांडव पाकिस्तान के अंदर सर्जिकल स्ट्राइक के माध्यम से किया। उन्होंने कहा कि आतंकवादी प्यार की भाषा नहीं समझते हैं। सर्जिकल स्ट्राइक में मारे गए बहुत से आतंकवादियों के बारे में पाकिस्तान छिपा रहे है। पाकिस्तान की हालत यह हो गई कि उससे न तो निगलते बन रहा है और न उगलते बन रहा है।
इस दौरान कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही, राज्य मंत्री जयप्रकाश निषाद सहित अन्य भाजपा नेता मौजूद थे।

No comments:
Post a Comment