जौनपुर। जिले के मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के खाखोपुर बाजार में सन्त रविदास नगर जिले के थाना दुर्गागंज स्थित हरदुआ गांव से बारात आयी थी। आर्केस्ट्रा के दौरान हुई मारपीट के बाद कन्या पक्ष ने शादी इंकार कर दिया। जिसके चलते दूल्हा समेत उसके परिवार को बंधक बना लिया गया। सोमवार दोपहर तक पंचायत जारी रही। वर पक्ष शादी करने की जिद पर अड़ा रहा, वहीं कन्या पक्ष समारोह में हुआ खर्च अदा कर जाने की शर्त रखा। सूचना पाकर हल्का दरोगा भी मौके पर पहुंच गये।
संतरविदास नगर (भदोही) जिले के थाना दुर्गागंज क्षेत्र के हरदुआ गांव निवासी केसरी प्रसाद यादव के यहां से खाखोपुर बाजार निवासी पूर्व प्रधान के घर रविवार की रात बारात आयी थी। द्वारचार की रस्म अदायगी के बाद बारातियों ने नाश्ता पानी किया। फिर खाना पानी के बाद विवाह की तैयारी शुरू हो गई। दूल्हा पक्ष के लोग विवाह मंडप में पहुंच चुके थे। उधर जनवासे में आर्केस्ट्रा का कार्यक्रम शुरू हो गया । इस बीच आर्केस्ट्रा को लेकर वर व कन्या पक्ष में विवाद शुरु हो गया और दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी।
दूल्हे के परिवारवालों को बंधक बनाया-
आरोप था कि नशे में धुत दूल्हा भी मारपीट में शामिल हो गया। जब यह जानकारी कन्या पक्ष को हुई तो उन्होंने शादी करने से इनकार करते हुए दूल्हा समेत दूल्हे के पिता व परिवार वालों को बंधक बना लिया। रात भर पंचायत होती रही और मामला नहीं सुलझा। सोमवार की सुबह मामले की जानकारी पुलिस को दी गई तो हल्का दरोगा भी मौके पर पुलिस बल के साथ पहुंच गये। पंचायत में जहाँ कन्या पक्ष समारोह में खर्च सात लाख रुपये देने की मांग कर रहा था, वहीं वर पक्ष शादी करने के बाद लड़की की विदाई करवाने के लिए आरजू मिन्नत करता रहा। मामले में कोई निष्कर्ष नही निकलने की स्थिति में स्थानीय लोंगों की मध्यस्थता के बाद डेढ़ लाख वर पक्ष द्वारा कन्या पक्ष को अदा करने के बाद मामला शान्त हुआ। बिना शादी व दुल्हन के बारात बैरंग वापस चली गई।

No comments:
Post a Comment