लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पीसीएस अफसरों की आईएएस काडर में प्रोन्नति की डीपीसी की बैठक 15 मई यानी बुधवार को होगी। डीपीसी की बैठक के लिए नियुक्ति एवं कार्मिक विभाग के अफसरों की टीम अपर मुख्य सचिव मुकुल सिंहल के नेतृत्व में सोमवार को ही दिल्ली पहुंच चुकी है।
ये अधिकारी केंद्रीय कार्मिक मंत्रालय और संघ लोक सेवा आयोग नई दिल्ली के अफसरों के साथ डीपीसी की बैठक के लिए तैयारी करेंगे। डीपीसी की बैठक में शामिल होने के लिए यूपी के मुख्य सचिव डा.अनूप चंद्र पांडेय और राजस्व परिषद के चेयरमैन प्रवीर कुमार बुधवार को ही दिल्ली जाएंगे। दोनों ही अधिकारी वहां संघ लोक सेवा आयोग में होने वाली डीपीसी की बैठक में सदस्य के रूप में शामिल होंगे। सचिव स्तर के एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी केंद्र सरकार की ओर से शामिल होंगे। जबकि यह डीपीसी की बैठक संघ लोक सेवा आयोग के चेयरमैन या किसी सदस्य की अध्यक्षता में होगी।
खास बात यह है कि यह प्रमोशन वर्ष 2018 की रिक्तियों के आधार पर होंगे। इस साल की रिक्तियों के आधार पर यूपी के 25 पीसीएस अधिकारी आईएएस काडर में प्रोन्नत हो जाएंगे। यह बात दीगर है कि रिक्तियों की संख्या से तीन गुना नाम प्रोन्नति बोर्ड को भेजे जाते हैं। लेकिन वरिष्ठता, एसीआर और मेरिट के आधार पर ही इन नामों पर प्रोन्नति के लिए विचार विमर्श के बाद मुहर लगती है। इनमें से उन अफसरों को प्रोवीजनल आईएएस देकर लिफाफा बंद कर दिया जाता है जिनके खिलाफ विभागीय जांच या अपराधिक मुकदमे चल रहे हैं। डीपीसी की बैठक के बाद केंद्र सरकार इन प्रोन्नतियों का नोटिफिकेशन जारी करेगी और उसके बाद यूपी सरकार नोटिफिकेशन जारी करके उन्हें पीसीएस छोड़कर आईएएस काडर में ज्वाइन कराएगी। प्रोन्नत होने वाले अफसरों में वर्ष 1997 से लेकर वर्ष 2000 बैच तक के अफसरों के नामों पर विचार करके तय किया जाएगा।
प्रोन्नत होने वाले संभावित अफसर
शिशिर, विशाल भारद्वाज, शुभ्रांत शुक्ला, धर्मेंद्र प्रताप सिंह, डा.राकेश वर्मा, प्रवीण मिश्रा, मनोज कुमार, देवीशरण उपाध्याय, डा.चंद्रभूषण, बृजराज सिंह यादव, सुरेंद्र प्रसाद सिंह, राजेंद्र सिंह द्वितीय, महेंद्र वर्मा, हरीश चंद्र, राहुल सिंह, अनीता वर्मा सिंह, जितेंद्र प्रताप सिंह, आलोक सिंह, घनश्याम सिंह, डा.विजय कुमार सिंह, सत्य प्रकाश पटेल, अच्छेलाल सिंह यादव, धीरेंद्र सिंह सचान, डा.कंचन शरण, रघुवीर, डा.वंदना वर्मा आदि नाम प्रमुख रूप से शामिल हैं।

No comments:
Post a Comment