दक्षिण कोरिया के सेना प्रमुख ने कहा है कि उत्तर कोरिया ने एक और बैलिस्टिक मिसाइल दागी है.
अमरीका के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि उसके प्रारंभिक मूल्यांकन के अनुसार यह एक अंतर-महाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल है. अमरीकी रक्षा मंत्री जेम्स मेटिस ने इसे पूरी दुनिया के लिए ख़तरा बताया है.
इससे पहले अमरीकी रक्षा मंत्रालय ने कहा कि इस मिसाइल ने हज़ार किलोमीटर की दूरी तय की थी और वह जापान सागर में जाकर गिरी.
दक्षिण कोरिया समाचार एजेंसी योनहाप ने कहा है कि दक्षिणी प्योंगान प्रांत के प्योंगयाग से पूर्व की ओर इस मिसाइल को छोड़ा गया है.
इस परीक्षण के कुछ ही देर बाद अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने वाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वह इस स्थिति को संभाल लेंगे.
उन्होंने कहा, “जैसा कि आपने शायद सुना होगा और कुछ ने रिपोर्ट भी की है कि कुछ समय पहले उत्तर कोरिया की ओर से मिसाइल दागी गई है. हम बस इतना कहना चाहेंगे कि हम इसका ध्यान रखेंगे. मेरे साथ कमरे में रक्षा मंत्री मेटिस भी थे. इस पर हमारी लंबी चर्चा हुई है. यह एक ऐसी स्थिति है जिसे हम संभाल लेंगे.”
यह अभी तक पूरी तरह साफ़ नहीं हो सका है कि यह मिसाइल कितनी दूरी तक दागी गई है और यह जापान के ऊपर से उड़कर गई है या नहीं यह भी अभी पता नहीं है. इसी साल उत्तर कोरिया ने जापान के ऊपर से मिसाइल दागी थी.
वहीं, जापान ने भी इस पर तीखी प्रतिक्रिया दिखाई है. इस परीक्षण के तुरंत बाद प्रधानमंत्री शिंज़ो आबे ने मंत्रिमंडल की आपात बैठक बुलाई है.
जापान ने कहा है कि उत्तर कोरिया लगातार उकसावे वाली हरकत कर रहा है.
जापानी सरकार के प्रवक्ता योशीहिडे सुगा ने कहा, ” उत्तर कोरिया के पश्चिमी तट से बैलिस्टिक मिसाइल दागी गई है और वह हमारे विशेष आर्थिक क्षेत्र में गिरी है. हम उत्तर कोरिया के लगातार उकसाने वाली कार्यवाही को स्वीकार नहीं कर सकते और हम इसके ख़िलाफ़ ज़ोरदार विरोध कर रहे हैं.”
हाल ही में उत्तर कोरिया लगातार मिसाइलों का परीक्षण करता रहा है, जिसमें उसकी इंटरकोंटिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल भी शामिल हैं.
इन परीक्षणों के चलते उत्तर कोरिया का अपने पड़ोसी देशों और अमरीका से भी तनाव बढ़ा है.
इससे पहले, सितंबर में उत्तर कोरिया ने अपने छठे परमाणु परीक्षण के कुछ दिन बाद बैलिस्टिक मिसाइल का परीक्षण किया था.
-BBC
The post उत्तर कोरिया ने एक और बैलिस्टिक मिसाइल दागी appeared first on Legend News: Hindi News, News in Hindi , Hindi News Website,हिन्दी समाचार , Politics News - Bollywood News, Cover Story hindi headlines,entertainment news.

No comments:
Post a Comment