नई दिल्ली। 2G घोटाले में कोर्ट द्वारा सभी आरोपियों को बरी करने के बाद कांग्रेस ने बीजेपी पर जोरदार तरीके से पलटवार किया है। संसद में भी इसकी गूंज सुनाई दी। फैसले पर UPA-2 के समय देश के प्रधानमंत्री रहे मनमोहन सिंह ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने साफ कहा कि 2G को लेकर बीजेपी की ओर से जानबूझकर प्रॉपेगैंडा फैलाया गया। पूर्व पीएम ने कहा कि सभी आरोप खराब नीयत से लगाए गए थे।
सीबीआई की विशेष अदालत ने इस सबसे बड़े घोटाले में राजा, कनिमोझी समते सभी आरोपियों को बरी कर दिया है। इस बड़े फैसले पर मनमोहन सिंह ने कहा, ‘हम कोर्ट के फैसले का सम्मान करते हैं। UPA सरकार के खिलाफ दुष्प्रचार किया गया। कोर्ट के फैसले से आरोप बेबुनियाद साबित हुए। खराब नीयत से आरोप लगाए गए थे।’
कांग्रेस पार्टी ने सीधे तौर पर पूर्व CAG विनोद राय और बीजेपी पर निशाना साधा है। कांग्रेस का कहना है कि इस मामले में सिर्फ झूठ फैलाया गया। कांग्रेस पार्टी ने मांग की है कि पूर्व सीएजी विनोद राय को देश से माफी मांगनी चाहिए। बता दें कि विनोद राय इस वक्त बीसीसीआई के प्रशासक समिति (सीओए) के प्रमुख हैं।
कोर्ट के इस फैसले के बाद से राजनीतिक गलियारों में भूचाल आ गया है। कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक बीजेपी और तत्कालीन कैग प्रमुख विनोद राय को आड़े हाथों ले रही है। राज्यसभा में कांग्रेस के नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा कि जिस घोटाले के आरोपों पर हम विपक्ष में आए, वह घोटाला हुआ ही नहीं। राज्यसभा में इस मामले पर जोरदार हंगामा हुआ।
उधर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और वकील कपिल सिब्बल ने कहा है, ‘साबित हो गया कि विपक्ष के झूठ का घोटाला हुआ है। बिना किसी सबूत के UPA सरकार पर निराधार आरोप लगाए गए।’ सिब्बल ने कहा, ‘तत्कालीन कैग विनोद राय ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ साजिश की थी। इस फैसले ने साबित कर दिया है कि राय की निष्ठा किस ओर थी। जब मैंने जीरो लॉस की बात कही थी तो तत्कालीन विपक्ष और ऑनलाइन ट्रोलर्स ने मुझे निशाने पर लिया था। आज यूपीए सरकार की बात पर मुहर लगाई है।’
पूर्व कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम ने भी मोदी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, ‘एक हाई प्रोफाइल 2 लाख करोड़ के घोटाले में सरकार के वरिष्ठ पदों पर बैठे लोगों के शामिल होने की बातें पूरी तरह से निराधार थीं। हम हमेशा यही कहते रहे और मुझे बेहद खुशी है कि आज सत्य की जीत हुई है।’ लोकसभा सांसद शशि थरूर ने भी फैसले पर खुशी जताई और कहा कि निर्दोष लोगों को झूठे मुकदमे में फंसाया गया था। देश की न्यायपालिका ने वैसे ही काम किया जैसे उसे करना चाहिए।
उधर, आरोपियों के बरी होने के बाद से डीएमके समर्थकों में खुशी की लहर है। भारी संख्या में तमिलनाडु से दिल्ली पहुंचे डीएमके समर्थकों ने पार्टी प्रमुख करुणानिधि की पुत्री कनिमोझी के समर्थन में नारे लगाए। कनिमोझी ने फैसले के बाद कहा, ‘न्याय हुआ है और मुझे इसकी खुशी है। मैं अपने समर्थकों और शुभचिंतकों की शुक्रगुजार हूं जो लगातार मेरे साथ खड़े रहे।’
वरिष्ठ डीएमके नेता दुरई मुरुगन ने कहा, ‘जीत की अभी तो शुरुआत हुई है। राजनीतिक मंसूबों को पूरा करने के लिए हमारे खिलाफ यह साजिश की गई थी, लेकिन अब सब कुछ साफ हो चुका है।’
दूसरी तरफ फैसले को लेकर कुछ निराशा का माहौल भी है। सीबीआई की तरफ से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया कि फैसले की कॉपी मिलने के बाद आगे की प्रक्रियाओं पर विचार किया जाएगा। राज्यसभा सांसद सुब्रमण्यन स्वामी ने कहा, ‘अभी मैं फैसले के बारे में कुछ नहीं कह सकता। पूरी जानकारी मिलने के बाद ही इस पर विस्तृत प्रतिक्रिया दूंगा।’
-एजेंसी
The post 2G घोटाले के फैसले पर क्या बोले मनमोहन, सिब्बल और चिदंबरम ? appeared first on Legend News: Hindi News, News in Hindi , Hindi News Website,हिन्दी समाचार , Politics News - Bollywood News, Cover Story hindi headlines,entertainment news.

No comments:
Post a Comment