कानपुर। क्रांतिकारियों की धरती पर बुधवार को बिठूर गंगा महोत्सव का आगाज़ हुआ। नानाराव स्मारक प्रागंण में महोत्सव का शुभारंभ सीएम योगी आदित्यनाथ ने किया। 24 दिसंबर तक चलने वाले इस महोत्सव में प्रतिदिन गंगा आरती होगी। सीएम ने बिठूर समारोह स्थल पर नानाराव पेशवा की मूर्ति पर माल्यार्पण कर 1857 क्रांति यात्रा और विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।
गंगा सफाई में जनसहभागिता की जरूरत
बिठूर महोत्सव का शुभारंभ करने के साथ मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा पीढ़ी को अतीत से जोड़ने के लिए इस तरह के महोत्सव सबसे शसक्त साधन हैं। योगी ने गंगा को लेकर चितां जाहिर की, उन्होंने कहा कि कानपुर से लेकर प्रयाग तक गंगा सबसे ज्यादा मैली है। हमें गंगा को निर्मल और अविरल बनाना है नहीं तो अपनी आने वाली पीढ़ी को जवाब नहीं दे पाएंगे। सीएम ने कहा कि सरकार इसके लिए प्रयास कर रही है, लेकिन इसके लिए जनसहभागिता की जरूरत है।
दशाश्वमेध घाट जैसा दिखा नजारा
उन्होंने कहा कि आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर हमें देश को कुछ न कुछ देना है ताकि आने वाला भविष्य सुधर सके। सीएम ने विकास प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों के स्टाल देखे और संबोधन के बाद पत्थर घाट पर गंगा आरती की। दशाश्वमेध घाट के पुरोहितों ने गंगा आरती कराई। आरती के लिए 20 लोगों का एक मंच गंगा तट पर बनाया गया था और पूरे घाट को चमकाया गया था। आरती के साथ गंगा का भव्य नजारा देखते ही बन रहा था।
पूरे बिठूर को चमकाया गया
आठ वर्ष बाद हो रहे बिठूर महोत्सव को देखते हुए प्रशासनिक अफसरों ने पूरे बिठूर को चमकाया है। बिठूर के मुख्य संपर्क मार्ग को चकाचक करने के साथ मेन रोड को पूरी तरह से नया तैयार किया गया है। सभी घाट व दार्शनिक स्थल और क्रांतिकारियों की प्रतिमाओं की सफाई करके चमकाया गया है। नानाराव पेश्वा की प्रतिमा का रंग-रोगन किया गया है। पूरे बिठूर की लाइट की व्यवस्था को दुरुस्त किया गया।
पूरे पंडाल को भगवा रंग में सजाया गया
सीएम योगी आदित्यनाथ के आगमन को देखते हुए नानाराव पेशवा स्मारक से लेकर मंच तक को भगवा रंग में सजाया गया है। पूरे पंडाल को ही भगवा रंग से रंगा गया है। यह देखने में काफी आकर्षक नजर आ रहा है। मंच से लेकर पूरे पंडाल में आकर्षक फूलों की सजावट भी की गई। इसके लिए बाहर से कारीगरों को बुलाया गया। बिठूर महोत्सव के लिए बनाए गए पंडाल में 800 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। इसमे सवा 700 कुर्सी और करीब 70 सोफे बिछाए गए है। लोगों को आने-जाने के लिए बसों की व्यवस्था की गई है। जिससे लोगों को आने-जाने में दिक्कत न हो। रोडवेज की जगह-जगह बसें बिठूर महोत्सव देखने के लिए खड़ी की जाएगी। वाहनों की भीड़ को देखते हुए पार्किंग की व्यवस्था भी कराई गई है।
अनुराधा पौडवाल व हरिहरन होंगे मुख्य आकर्षण
बिठूर महोत्सव में मुख्य आकर्षण मशहूर गायिका अनुराधा पौडवाल की भजन संध्या होगी। यह 21 दिसंबर को होगी। 22 दिसंबर को कव्वाली की प्रस्तुति मुज्तवा नाजा एवं रूबी ताज ग्रुप मुंबई की ओर से किया जाएगा। 23 दिसंबर को सोल इंडिया संगीतमय प्रस्तुति में हरिहरन व अन्य कलाकार मुंबई से आकर प्रस्तुति देगे। समापन पर जुगलबंदी वीर गंगा तबला, ड्रम प्रस्तुति विक्रमभोज कलकत्ता और शिवामणि मुंबई की ओर से प्रस्तुति की जाएगी। गोटीपुआ मार्शल आर्ट उड़ीसा भी आकर्षण का केंद्र होगा।
धोबिया नृत्य से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आगाज़
महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत धोबिया नृत्य से हुई। आजमगढ़ के परम्परागत धोबिया नृत्य को कलाकारों ने मंच से प्रस्तुत किया तो कई मिनट तक तालियों की गड़गड़ाहट गूंजती रही। 15 कलाकारों ने इसका मंचन किया, इसके मंचन से पहले रणतुंगा बजाया गया।
-एजेंसी
The post बिठूर में हुआ गंगा महोत्सव का आगाज़, सीएम योगी आदित्यनाथ ने किया शुभारंभ appeared first on Legend News: Hindi News, News in Hindi , Hindi News Website,हिन्दी समाचार , Politics News - Bollywood News, Cover Story hindi headlines,entertainment news.

No comments:
Post a Comment