नई दिल्ली। कर्नाटक विधानसभा चुनाव को लेकर वोटिंग जारी है। चुनाव अधिकारियों के अनुसार दो पहर 1 बजे तक बजे तक 37 फीसदी मतदान हुआ है। अभी तक की जानकारी के अनुसार दक्षिण कन्नड़ और उडुपी जिलों में सबसे ज्यादा मतदान हुआ है। वहीं बेंगलुरू सदर में सबसे कम मतदान हुआ है।
अधिकारियों का कहना है कि लोग बड़ी संख्या में अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। मतदान केन्द्रों पर लंबी- लंबी लइनें दिख रही हैं, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि दिन चढ़ने के साथ मतदान प्रतिशत भी तेजी से बढ़ेगा। हालांकि सुबह मौसम सुहावना था, लेकिन दिन बढऩे के साथ तापमान भी बढ़ा है।

विभिन्न मतदान केन्द्रों में बुजुर्ग और वरिष्ठ नागरिक भी बड़ी संख्या में अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए मौजूद हैं। सुबह सबसे पहले वोट डालने वालों में राज्य भाजपा प्रमुख और पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार बी. एस. येदियुरप्पा और प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष जी. परमेश्वर शामिल हैं। दोनों नेताओं ने क्रमश : शिवमोगा के शिकारीपुरा और तुमकुरू के यागेरे में अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
पूर्व प्रधानमंत्री एच. डी. देवेगौड़ा ने पत्नी चेन्नमा के साथ हासन जिले के पदुवलाहिप्पे में अपना वोट डाला। राज्य चुनाव आइकन, क्रिकेटर राहुल द्रविड़, अनिल कुंबले, फिल्म अभिनेताओं रमेश अरविन्द, रविचन्द्रन और मैसूर शाही परिवार के सदस्यों ने भी मताधिकार का इस्तेमाल किया। लिंगायत समुदाय के सिद्धगंगा मठ के श्री शिवकुमार स्वामी जी ने भी मठ के निकट मतदान केन्द्र पर वोट डाला।
राज्य में विभिन्न स्थानों पर ईवीएम में आयी तकनीकी दिक्कतों के कारण मतदान में देरी हुई। ज्यादातर सर्वेक्षणों एवं ओपिनियन पोल के अनुसार सत्तारुढ़ कांग्रेस और भाजपा सत्ता के दो प्रबल दावेदार हैं जबकि पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा का जनता दल सेकुलर किंगमेकर की भूमिका निभा सकता है। प्रदेश में 1985 के बाद से कोई भी दल लगातार दूसरी बार सत्ता में नहीं आ पाया है। इस चुनाव में 2600 से ज्यादा उम्मीदवारों के लिए 4.98 करोड़ से ज्यादा मतदाता अपना वोट डालेंगे।

No comments:
Post a Comment