मेरठ । देश के तीसरे सबसे पुराने वर्ष 1883 में स्थापित मेरठ बार एसोसिएशन के चुनाव में विजयी प्रत्याशियों का शपथ ग्रहण समारोह कचहरी स्थित पं0 नानक चंद सभागार में आयुक्त डा0 प्रभात कुमार की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। आयुक्त ने सोच में परिवर्तन कर दरिद्र नारायण की सेवा करने व जरूरतमंद आदमी को न्याय मिले इस उद्देश्य से कार्य करने के लिए कहां। इस अवसर पर नई कार्यकारिणी के 21 सदस्यों को शपथ दिलायी गयी। कार्यक्रम में आयुक्त, जिलाजज, जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, तीन चुनाव अधिकारियों, पुरानी कार्यकारिणी के पदाधिकारियों व पांच प्रमुख समाचार पत्र के प्रतिनिधियों को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
आयुक्त डा0 प्रभात कुमार ने कहा कि वह एक ऐसे समुदाय से बात करना चाहते है जिसपर मेरठ व हिन्दुस्तान का भार है। आजादी की लड़ाई में ज्यादातर नेता वकालत के पेशे से थे। उन्होंने कहा कि वकालत में तीन चीजें मुख्य होती है जिसमें न्याय, समानता व अच्छी संवेदना व चेतना। उन्होंने कहा कि न्याय का जो आधार है वह भारत का संविधान है उसमें समानता, स्वतंत्रता व जीने का हक मुख्य है। उन्होंने कहा कि रोमन सिद्धान्त के अनुसार आम आदमी का हवा, पानी, भूमि व जंगल पर अधिकार है लेकिन नये सिद्धान्त व उनके विचार से व्यक्तिगत सम्पत्ति जो हम अर्जित करते है हम उसके स्वामी न होकर उसके ट्रस्टी हैं, इसलिए हमें अपनी आमदनी का हिस्सा जरूरतमंद लोगो के लिए उपयोग करना चाहिए।
उन्होंने उपस्थित अधिवक्ताओं से 10 में से 01 गरीब मुअक्कील को मुफ्त में सेवा प्रदान करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जो खुशी गरीब को न्याय दिलाने में है वह पैसों से नहीं खरीदी जा सकती हैं। आयुक्त ने कहा कि जरूरतमंद व्यक्ति को न्याय मिले इस उद्देश्य के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने खुश रहने के चार सूत्र दिये जिसमें जो बीत गया उस पर अफसोस न करना, भविष्य का कोई भय न रखना, वर्तमान में रहते हुए खुश रहना व किसी की कोई शिकायत न करना।
जिला जज आलोक सक्सैना ने कहा कि हम अच्छे कार्य करने के लिए कार्य करते है तथा सबका सहयोग करते हैं। उन्होंने कहा कि कोर्ट में वाद लम्बित है और कोर्ट स्टाफ की कमी से भी जूझ रहा है। उन्होंने कहा कि वह स्ट्राइक को पसन्द नहीं करते है तथा उन्हें ऐसा कोई कारण नहीं दिखता है जिससे कोई स्ट्राइक पर जायें। उन्होंने कहा कि स्ट्राइक पर जाने से आम आदमी जिस न्याय की आस से कोर्ट को देखता है वह प्रभावित होती है और इससे वाद लम्बित रह जाते है। उन्होंने कहा कि बार एसोसिएशन का सहयोग पूर्व की भाति दिया जा जाता रहेगा तथा ऐसा ही सहयोग अपेक्षित भी है।
जिलाधिकारी अनिल ढींगरा ने कहा कि आपस मे बैठकर वह सहयोग से समस्याओं का निस्तारण कराया जाएगा व पूरा प्रशासनिक सहयोग बार एसोसिएशन को मिलेगा तथा अधिकाधिक वादों का निस्तारण हो इसके लिए भी प्रयास किया जाएगा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि किसी भी अधिवक्ता के विरूद्ध कार्रवाई करने से पूर्व वह बार एसोसिएशन का इसकी सूचना अवश्य देंगे तथा बार एसोसिएशन को पुलिस का पूर्ण सहयोग दिया जाएगा।
वर्तमान अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह जानी ने कहा कि सम्मान के मामले में कोई समझौता नहीं किया जाएगा तथा बार को सम्मान चाहिए। उन्होंने कहा कि गत 40 साल से मेरठ में हाईकोर्ट बेच की मांग की जा रही है इसके लिए अब करो या मरो की नीति से हाई कोर्ट बेंच की मांग की जाएगी।
नई कार्यकारिणी में दो पूर्व के सदस्यों जिसमें पूर्व अध्यक्ष रोहिताश्व कुमार अग्रवाल व सचिव प्रभोद कुमार शर्मा सहित 23 सदस्य है। 21 नये सदस्यों ने शपथ ली। इस अवसर पर चुनाव अधिकारी रऊफुल हसन अंसारी, नागेन्द्र सिंह यादव, व जगदीश गिरि, सहित पांच प्रमुख समाचार पत्रों के प्रतिनिधियों, जिला जज, आयुक्त, जिलाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रतीक चिन्ह दिया गया।

No comments:
Post a Comment