नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी 1975 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की तरफ से लागू किए गए आपातकाल के विरोध में आज जिला स्तर पर विरोध प्रदर्शन कर काला दिवस मनाने जा रही है। साल 1975 में 25 जून के बाद से ही राष्ट्रपति फखरुद्दीन के हस्ताक्षर के बाद देश में आपातकाल लागू किया गया था।
बीजेपी आपातकाल के मुद्दे का जिक्र करते हुए पहले भी कांग्रेस को घेरती रही है। बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह कल यानि 26 जून को अहमदाबाद में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। गौरतलब है कि 1975 में 25 और 26 जून की रात ही तत्कालीन राष्ट्रपति ने आपातकाल के आदेश पर हस्ताक्षर किए थे और अगली सुबह इंदिरा गांधी ने पूरे देश में आपातकाल लागू करने की घोषणा की थी। इसके साथ ही देश भर में गिरफ्तारियों का दौर शुरू हो गया था।
इंदिरा गांधी ने भारत में 25 जून 1975 से लेकर 21 मार्च 1977 तक आपातकाल लागू किया था। इस दौरान देश की राजनीति में बड़े बदलाव देखने को मिले थे। आपातकाल के दौरान 26 जून की सुबह तक जयप्रकाश नारायण, मोरारजी देसाई समेत तमाम बड़े नेता गिरफ्तार कर लिए गए थे। आपातकाल के दौराव प्रेस की आजादी पर भी हमला हुआ था और राजधानी दिल्ली के बहादुर शाह जफर मार्ग स्थित अखबारों के ऑफिसेज की बिजली काट दी गई थी। उस दौरान कई अखबारों ने मुखर होकर आपातकाल का विरोध किया था।


No comments:
Post a Comment