गोरखपुर। मानसून से पहले की बारिश ने ही महानगर को जलमग्न कर दिया । यहां पर नालों की सफाई में लापरवाही का खामियाजा मानसून की बारिश होते ही पूरे महानगरवासियों को भुगतना पणा।
आज सुबह बारिश होते ही सड़कों पर भारी जलजमाव हो गया। यहां पर लोगों को आवागमन में भारी मुसीबत उठानी पड़ीं। आज भोर में हुई बारिश से देखते-देखते सड़कों पर घुटने भर से अधिक पानी लगा ही, तमाम मोहल्लों के कई घरों-दुकानों तक में नाले के कीचड़ के साथ बारिश का पानी घुस गया। सुबह नौ बजे के बाद नगर निगम की टीम सक्रिय हुई और जलभराव दूर करने के लिए कई मोहल्लों में पंपिंग सेट लगाया।
बारिश से शहर के प्रमुख बाजारों के अलावा दर्जनों मोहल्ले में जलभराव हो गया। विजय सिनेमा रोड, धर्मशाला बाजार, मियां बाजार, जिला परिषद रोड, दाउदपुर, हट्टी माई स्थान और जिला अस्पताल परिसर में जलभराव के कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं रसूलपुर, सिधारीपुर, अजय नगर, सूरजकुंड, चौराहा, सिनेमा रोड, बक्शीपुर, नखास, साहबगंज, छोटे काजीपुर, रुस्तमपुर, आजाद चौक, चक्सा हुसैन, आरटीओ परिसर, इलाहीबाग, पिपरापुर, बहादुर शाह जफर कालोनी, बेतियाहाता, गोलघर, भेडिय़ागढ़, असुरन, मेडिकल कालेज रोड समेत कई इलाकों में जलभराव हो गया।
जिला अस्पताल में जलभराव होने के कारण सबसे ज्यादा दिक्कत मरीज और उनके परिवार के लोगों को को हुई। इसी तरह जलभराव के कारण नंदा नगर और चक्सा हुसैन मोहल्ले में लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया। सिनेमा रोड, बैंक रोड, रेती से घंटाघर, घोषकंपनी से नखास रोड, माया बाजार रोड, रायगंज रोड, प्रेमचंद्र पार्क रोड, हरिहर प्रसाद दुबे मार्ग पर भी भारी जलजमाव हुआ है।
यहां पर हाइवे से दक्षिण, पूरब बसे महुईसुधरपुर, फुलवरिया, भरवलिया, इंदिरा नगर, गोपलापुर आदि क्षेत्रों में भी यही स्थिति बनी हुई है। सिंघरिया के पास सड़क पर जलभराव के कारण देवरिया मार्ग पर आवागमन बाधित है। छोटी गाडिय़ां आगे नहीं बढ़ पा रही हैं।
बारिश के बाद खाली मैदान पूरी तरह पानी से लबालब हो गए। कलेक्ट्रेट, दीवानी कचहरी, दशहरी बाग, नार्मल स्कूल, एमजी इंटर कालेज और एमपी इंटर कालेज परिसर में बाढ़ जैसा दृश्य दिखा।
महानगर के भीतरी क्षेत्र ही नहीं, जीडीए कालोनियों की सड़कें भी पूरी तरह पानी में डूब गई। गौतम विहार, गौतम विहार विस्तार, लेक व्यू, सिद्धार्थपुरम आदि क्षेत्रों में भारी जलभराव हुआ है।
मंडी में स्थिति खराब
महेवा स्थित फल व सब्जी मंडी की स्थिति और भी बदतर हो गई है। पहले से ध्वस्त जलनिकासी व्यवस्था के कारण बारिश के पानी को निकलने का रास्ता नहीं है और वह मंडी में ही जमा हो गया। सैकड़ों दुकानों में पानी घुसने से फलों व सब्जियों की बर्बादी हुई ।

No comments:
Post a Comment