नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में एक बार फिर आतंकियों ने सेना की पेट्रोलिंग पार्टी पर शुक्रवार सुबह ग्रेनेड से हमला कर दिया। इसमें एक जवान के घायल होने की सूचना है। वहीं, कुपवाड़ा जिले में भी सेना और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई। रिपोर्ट्स के मुताबिक जंगलों में चली मुठभेड़ में एक आतंकी को सेना के जवानों ने ढेर कर दिया।
शोपियां के अहगाम में सेना की एक पेट्रोलिंग पार्टी गश्त पर निकली हुई थी। तभी आतंकियों ने ग्रेनेड से हमला कर दिया। हमले में एक सुरक्षाकर्मी घायल हो गया है। इलाके को खाली करा लिया गया है और जवाबी कार्रवाई जारी है। सेना ने सर्च ऑपरेशन भी शुरू कर दिया है।
उधर, कुपवाड़ा में भी आतंकियों और सेना के बीच मुठभेड़ जारी है जिसमें एक आतंकी ढेर हो गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कुपवाड़ा के जंगलों में गुरुवार देर रात से ही गोलीबारी शुरू हो गई थी। यह हमले ऐसे वक्त में हुए हैं जब राज्य में अमरनाथ यात्रा को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। बता दें कि कुपवाड़ा में काफी समय से आतंकी घुसपैठ करने की कोशिश कर रहे थे। सेना ने 10 जून को उनको मुंहतोड़ जवाब देते हुए उनकी सभी साजिशों को नाकाम किया था।


No comments:
Post a Comment