नई दिल्ली। कुछ लोग बाइक से चलते वक्त हेलमेट और कार से सफर से दौरान सीट बेल्ट लगाना अपनी शान के खिलाफ समझते हैं। लेकिन एक सर्वे से चौकाने वाल खुलासा हुआ है। देश में हेलमेट और सीट बेल्ट न लगाने की वजह से औसतन हर दिन 177 लोगों की मौतें हो रही है। एक रिपोर्ट के मुताबिक 2017 में बिना हेलमेट के मोटरसाइकिल चलाने वाले कम से कम 98 लोग रोजाना मारे गए, जबकि बिना सीट बेल्ट लगाए कार चलाने वाले 79 लोग हर दिन मौत के मुंह में समा गए। वहीं गाड़ी चलाते समय मोबाइल के इस्तेमाल की वजह से हर दिन औसतन 9 लोग मारे जा रहे हैं।
इस मामले में तमिलनाडु सबसे आगे है। यहां हेलमेट न होने के कारण सड़क हादसों में 5,211 लोगों की मौत हुई है, जबकि इस तरह के हादसों के मामले में उत्तर प्रदेश (4,406) दूसरे पायदान पर और तीसरे पायदान पर मध्य प्रदेश (3,183) है। सीट बेल्ट न लगाने के कारण हुई मौतों के मामलों में कर्नाटक पहले स्थान पर है। यहां इसके कारण 4,035 लोगों की मौत हुई है, जबकि इस मामले में दूसरे पायदान पर तमिलनाडु (3,497) और उत्तर प्रदेश (2,897) तीसरे स्थान पर है।
बताया जा रहा है कि इसे राज्य पुलिस और परिवहन विभागों द्वारा दिए गए आंकड़ों के आधार पर तैयार किया गया है। हालांकि, 2016 के आंकड़ों को देखें तो 2017 में सड़क हादसों में हुई मौतों की संख्या में थोड़ी कमी जरूर आई है। 2016 में सड़क हादसों में करीब 1.51 लाख लोगों की मौत हुई थी, जबकि 2017 में यह घटकर 1.48 लाख हो गई। रिपोर्ट के मुताबिक, सेफ्टी गियर या उपकरणों का उपयोग करने में विफलता के कारण सड़क हादसों में मरने वाले लोगों की संख्या में भारी वृद्धि हुई है। 2017 में सड़क हादसे के दौरान हेलमेट न होने के कारण करीब 36,000 लोगों की मौत हुई है, जबकि 2016 में ये आंकड़ा 10,135 था।


No comments:
Post a Comment