- छात्र को नहर में डूबता देख साथी फरार
लखनऊ। चिनहट के इंदिरा नहर में दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने आया 10 वीं का छात्र नहर में डूब गया। पानी के तेज बहाव में छात्र के लापता होने पर साथ आए साथी छात्र मौके से फरार हो गए। छात्र के छोटे भाई ने उसके डूबने की सूचना परिजनों को दी। परिजनों की सूचना पर चिनहट पुलिस मौके पर पहुंच गई और लापता छात्र की तलाश में नहर में गोताखारों को उतारा गया,लेकिन देर शाम तक छात्र का पता नहीं चल सका।
चिनहट के अपट्रान चौकी स्थित जैनाबाद देवा रोड निवासी शिव कुमार विश्वकर्मा परिवार समेत रहते है। परिवार में पत्नी सुनीता और तीन बेटे विनय उर्फ सौरभ (15), विनीत (11) और अमित (8) है। विनय बाराबंकी माती स्थित उज्जवल पब्लिक स्कूल में हाई स्कूल का छात्र है। शुक्रवार डेढ़ बजे वह स्कूल की छुट्टी के बाद अपने दोस्तों के साथ इंदिरा नहर में घूमने के लिए आया था। विनय नहर में उतर गया और पानी के तेज बहाव के चलते वह बह गया। विनय को बहता हुआ देख उसके साथ आए साथी डर के मारे मौके से भाग निकले। विनय ने इंदिरा नहर जाते समय अपने छोटे भाई विनीत को बताया था। देर शाम तक विनय के घर न पहुंचने पर विनीत उसे तलाशते हुए इंदिरा नहर पहुंचा, जहां लोगों ने छात्र के डूबने की जानकारी दी। विनीत ने घर पहुंच कर परिजनों को इसकी जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छात्र की तलाश में गोताखोरों को नहर में उतारा गया,लेकिन देर शाम तक छात्र का पता नहीं चल सका।

No comments:
Post a Comment