गोरखपुर। यूपी के गोरखपुर जिला के लालडिग्गी क्षेत्र के बसंतपुर मदरसा में बीते नौ अप्रैल को दहेज के लिए ससुरालवालों ने महिला को जिंदा जला दिया। मामला तब सामने आया, जब गंभीर हालत में लखनऊ में भर्ती महिला की बुधवार रात मौत हो गई और परिवारीजन ससुरालवालों के खिलाफ केस दर्ज कराने गुरुवार रात शव लेकर एसएसपी ऑफिस पहुंचे। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति, सास-ससुर और देवर समेत सात के खिलाफ केस दर्ज किया है। इनमें से पति समेत पांच लोगों को पुलिस ने हिरासत में भी ले लिया है। पूनम के जलते हुए मकान से बाहर भागने का दृश्य पास के मकान में लगे सीसीटीवी में कैद हो गया। यह वीडियो मोहल्ले के लोगों से होते हुए मृतका के घरवालों तक पहुंच गया और उन्होंने सोशल मीडिया पर डाल दिया। कुछ ही घंटों में यह वायरल हो गया।
जानकारी के अनुसार, निवासी राजाराम गुप्ता ने एसएसपी को सौंपे ज्ञापन में बताया कि उनकी बेटी पूनम की शादी वर्ष 2014 में राजघाट क्षेत्र के बसंतपुर मदरसा निवासी आलोक गुप्ता से हुई थी। शादी के बाद ससुराल के लोग पांच लाख रुपये दहेज की मांग को लेकर उनकी बेटी को प्रताड़ित करने लगे। इसे लेकर कई बार समझौता भी हुआ। आरोप है कि नौ अप्रैल को ससुरालवालों ने मिट्टी का तेल डालकर पूनम को जिंदा जला दिया। आसपास के लोगों ने उसे गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया। वहां पुलिस ने उसका बयान दर्ज किया। हालत गंभीर होने पर उसे लखनऊ ले गए पर बुधवार रात उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद वे शव लेकर गुरुवार रात गोरखपुर पहुंचे। राजाराम मोहल्लेवालों के साथ रात में ही बेटी का शव लेकर एसएसपी आवास पहुंच गए। उन्होंने एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई। इसके बाद वे राजघाट थाने पहुंचे और पति, सास-ससुर समेत ससुरालपक्ष के सात लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की तहरीर दी। पुलिस ने आरोपियों के घर दबिश देकर पति आलोक गुप्ता, जेठ आनंद गुप्ता, जेठानी आशा, देवर अतुल और देवरानी को हिरासत में ले लिया।

No comments:
Post a Comment