मिलिट्री इंटेलिजेंस ने सहारागंज मॉल से फर्जी ले. कर्नल को किया गिरफ्तार | Alienture हिन्दी

Breaking

Post Top Ad

X

Post Top Ad

Recommended Post Slide Out For Blogger

Sunday, 14 April 2019

मिलिट्री इंटेलिजेंस ने सहारागंज मॉल से फर्जी ले. कर्नल को किया गिरफ्तार

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के हजरतगंज कोतवाली क्षेत्र के एसएसपी आवास के निकट स्थित सहारागंज मॉल से मिलिट्री इंटेलिजेंस ने शनिवार को फर्जी लेफ्टिनेंट कर्नल को गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से संदिग्ध दस्तावेज और होटल के रूम की चाबी मिली। सूचना पाकर लोकल पुलिस भी पहुंची, लेकिन आतंकी गतिविधियों में शामिल होने की आशंका में इंटेलिजेंस यूनिट पूछताछ के लिए उसे अपने साथ ले गई। सूत्रों कहना है कि पूछताछ में आर्मी के अफसरों से उसकी जान पहचान का पता चला है। आशंका जताई जा रही है कि मिलिट्री अफसर की वर्दी पहनकर वह सेना क्षेत्र में घुसपैठ करके सूचनाएं जुटा रहा था।

सहारागंज के पीवीआर सिनेमा में लेफ्टिनेंट कर्नल की वर्दी पहनकर आरोपित मूवी देखने पहुंचा था। उसके बारे में पहले से सूचना जुटा रही इंटेलिजेंस ब्यूरो की टीम जानकारी मिलते ही पहुंच गई। टीम के अफसरों ने उससे पूछताछ की तो वह सेना के अफसर से अभद्रता की बात कहकर उन्हें रौब दिखाने लगा। इस पर अफसर थियेटर से बाहर लाकर उसकी तलाशी लेने लगे। उसकी जेब से लेफ्टिनेंट कर्नल का फर्जी आई कार्ड, कई लोगों के शैक्षणिक प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड, आधा दर्जन से ज्यादा सिम कार्ड और कई संदिग्ध दस्तावेज मिले जिसके बारे में टीम ने किसी को जानकारी नहीं दी। आरोपित के पास से नाका के आशीर्वाद होटल के कमरा नंबर 104 की चाबी भी मिली। पूछताछ के बाद टीम ने मिलिट्री इंटेलिजेंस को सूचना दी। फर्जी कर्नल पकड़े जाने की जानकारी मिलते ही भीड़ जुटने लगी। जानकारी पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन सेना की टीम ने उन्हें आरोपित के पास भी नहीं जाने दिया। हालांकि बाद में कैंट पुलिस को इसकी जानकारी दी गई, लेकिन एमआई आरोपित को अपनी हिरासत में रखकर ही पूछताछ कर रही है।

आतंकी गतिविधियों व भर्तियों में फर्जीवाड़े की आशंका
इंटेलिजेंस अफसरों को आरोपित के पास से दो तरह के दस्तावेज मिले हैं। इनमें मार्कशीट और पहचान पत्र जैसे दस्तावेजों की वजह से आशंका जताई जा रही है कि वह सेना की भर्तियों में फर्जीवाड़ा करने वाले गिरोह का सदस्य हो सकता है। वहीं, दूसरी ओर कुछ संदिग्ध दस्तावेज और आर्मी अफसरों से संबंध के सुराग मिले जो आरोपित के आतंकी गतिविधियों में शामिल होने की ओर इशारा कर रहे हैं। इंटेलिजेंस दोनों पहलुओं पर गहन छानबीन में जुटी है। इसकी वजह से आरोपित को लोकल पुलिस के हवाले नहीं किया गया है।

शौक में वर्दी पहनने की बात कह बचने का प्रयास किया
सूत्रों के मुताबिक पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम बलिया जिले के बहादुरपुर थानाक्षेत्र के बसंतपुर गांव निवासी अभिषेक यादव बताया। पिता का नाम भानू चौधरी बताया। आरोपित के मुताबिक उसने बलिया के कुंवर सिंह पीजी कॉलेज से बीए की पढ़ाई की है। इसके बाद कई बार सेना की भर्तियों में शामिल हुआ, लेकिन परीक्षाएं पास नहीं कर पाया। सेना में भर्ती होने का शौक बचपन से था, इसलिए फर्जी वर्दी पहनकर अपना शौक पूरी कर रहा है। उसके पास से मिले दस्तावेजों की जांच की जा रही है। बलिया पुलिस से उसके बताए पते और बरामद शैक्षणिक प्रमाण पत्रों की जांच करवाई जा रही है।

No comments:

Post a Comment

Post Top Ad