गोंडा। जिले में डेहरास के नेवला गांव में रविवार को भूमि विवाद को लेकर दबंगों ने धारदार हथियार से हमला कर वृद्ध राम समोखन यादव की हत्या कर दी। नृशंस हत्या के इस वारदात सें पूरे गांव में कोहराम मच गया। सीओ जीतेंद्र दूबे ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसओ बृजानंद सिंह ने हत्या की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट दर्ज की कार्रवाई की जा रही है।
पंचायत डेहरास मजरा नेवला गांव में दो यादव परिवार में भूमि विवाद को लेकर काफी दिनों से रंजिश चली आ रही थी। इसको लेकर थाने पर व गांव में कई बार पंचायत भी हुई लेकिन मामले का निस्तारण नहीं हो पाया। उसी रंजिश को लेकर रविवार की सुबह तकीरबन ग्यारह बजे पहले दोनों पक्षों के लोगों में गाली गलौज शुरू हुआ।
फिर देखते ही देखते दोनों तरफ से लाठी डण्डा, फरसा, कुदाल, फावड़ा निकल आए। इसी दौरान एक पक्ष के लोगों में से एक व्यक्ति ने धारदार हथियार से बासठ वर्षीय राम समोखन यादव पुत्र स्व. ढोड़े यादव के सर पर हमला कर दिया। सर पर गंभीर चोट लगने से वृद्ध ने घटना स्थल पर ही दम तोड़ दिया। मृतक के सर पर गहरे जख्म के निशान दिख रहे हैं। वहीं इस मारपीट में मृतक की दो विवाहित बेटी शन्ता, मन्ता व तीन पुत्र धर्मराज यादव, जगतराम यादव, विश्राम यादव भी घायल हुए हैं। इस जघन्य अपराध से घर पर परिवारीजनों का रो रो कर बुरा हाल है।

No comments:
Post a Comment