हरदोई। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में बीएसए की मौजूदगी में जूते से मारपीट करने के मामले में दो खंड शिक्षा अधिकारियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को जिला अस्पताल में ले जाकर मेडिकल परीक्षण कराया गया। इनके खिलाफ शांति भंग के तहत कार्रवाई की गई है। उधर इस घटना को लेकर पूरे शहर में आक्रोश फैला है। लोगों ने जिलाधिकारी व मुख्यमंत्री से दफ्तर में जूते से एक-दूसरे की पिटाई करने वाले अफसरों को निलंबित करकर नौकरी से बर्खास्त करने, जेल भेजने की मांग की है।
मालूम हो कि शुक्रवार को दोपहर दो बजे के बाद बीएसए कार्यालय में विभागीय मीटिंग चल रही थी। इस दौरान मल्लावां के खंड शिक्षा अधिकारी सुशील कनौजिया और बिलग्राम के खंड शिक्षा अधिकारी राकेश पाण्डेय के मध्य कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर गालीगलौज व जूतों से मारपीट शुरू हुई थी। शुरुआत में विभागीय अफसरों ने मारपीट की घटना से इनकार किया, लेकिन मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद सच सामने आ गया। शासन स्तर से शिकंजा कसे जाने के बाद कोतवाली पुलिस सक्रिय हुई।
बताते हैं कि देर रात शांति भंग करने के तहत कोतवाली सदर में लिखापढ़ी की गई। इसके बाद रात में ही पुलिस ने छापा मारकर दोनों अधिकारियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की सुरक्षा के बीच दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां दोनों का मेडिकल परीक्षण हुआ। इसमें किसी के भी चोटें न आने का जिक्र किया गया है। कोतवाली प्रभारी शैलेंद्र श्रीवास्तव का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट मिलने के बाद दोनों को उप जिलाधिकारी के सामने पेश किया जाएगा। इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।

No comments:
Post a Comment