मथुरा। यूपी में निकाय चुनावों के प्रचार को अलीगढ़ के बाद मथुरा पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ कहा कि वृंदावन व बरसाना के बाद अब मथुरा के सभी नौ स्थलों को भी बहुत जल्द तीर्थस्थल घोषित कर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यहां आने वाले श्रद्धालुओं को ध्यान में रखते हुए हम मथुरा का विकास करेंगे। बहुत से लोगों को मथुरा और अयोध्या से परहेज है। हमने दोनों स्थलों को नगर निगम दिया। योगी ने कहा कि शहर में 24 और ग्रामीण इलाकों में 17 से 18 घंटे बिजली दे रहे हैं।
पहले कई दिनों तक बिजली ही नहीं आती थी। खासकर आयोध्या व मथुरा को तो मिलती ही नहीं थी। उन्होंने कहा कि तीन चरणों में पूरा प्रदेश दीपावली की तरह जगमग होगा। पूरे प्रदेश में एलईडी लाइट लगाई जाएगी। इसका मेंटिनेंस भी भारत सरकार के द्वारा किया जाएगा। हमें खर्च नहीं करना पड़ेगा। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के किसी भी शहर में जाम व अतिक्रमण दो बड़ी समस्याएं हैं।
इस समस्या को जल्द ही दूर किया जाएगा। दूसरे लोग दूध पीकर गायों को सड़कों पर छोड़ देते हैं। ऐसा न करें बल्कि उन गायों की रक्षा करें। प्रदेश के सभी 16 नगर निगमों में एक एक बड़ी गोशाला खोली जाएंगी। जो उत्पाद होगा, उससे रोजगार दिया जाएगा। फेरी नीति के तहत फुटपाथ पर दुकान करने वालों, ठेला, खोमचे वालों का ध्यान रखा गया है। उन्होंने कहा कि अब ऐसी नीति बनी है कि अतिक्रमण भी नहीं होगा और उनका रोजगार भी नहीं छिनेगा।
उन्होंने कहा कि मथुरा की जनता के लिए पेयजल और सिंचाई की पर्याप्त जल की कार्ययोजना तैयार कर ली गई है जिससे जनता को अब परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि दुनिया की कोई सभ्यता नहीं कह सकती कि उनका इतिहास पांच हजार वर्ष पुराना है। सीएम योगी ने कहा कि पूरे प्रदेश में पिछले आठ महीने में कोई दंगा नही हुआ है जो कि इस सरकार का जीता जागता उदाहरण हैं। पहले आगजनी होती थी, लूट होती थी, बहन-बेटियों के इज्जत के साथ खिलवाड़ होता था। मथुरा के कोसी में भी दंगा हुआ था मगर इस आठ महीने में एक भी दंगा नहीं हुआ है।
हमारी सरकार में कानून का राज है। हम प्रदेश की 22 करोड़ जनता के प्रति कटिबद्ध हैं।
वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट के तहत पहचान दिलाएंगे। जैसे मथुरा को पेड़े के लिए भी जाना जाता है, उसका भी प्रचार, प्रसार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब व्यापारियों को प्रदेश छोड़कर जाना नहीं पड़ रहा है। वो यहीं रोजगार कर रहे हैं। वहीं उन्होंने कहा कि राम के बिना कोई काम नहीं, ऐसे राम से महर्षि बाल्मीकि ने संवाद कराया। इस प्रसंग के साथ बाल्मीकि समाज के साथ ही वहां मौजूद जनता से उन्होंने महापौर पद के प्रत्याशी व भाजपा के पार्षद पद के प्रत्याशियों को वोट देने की अपील की। उन्होंने कोसी नगर पालिका व 13 नगर पंचायत को भी वोट डालने की अपील की।
पार्टी एक ही संकल्प पत्र के साथ मैदान में हैं: महेंद्रनाथ पांडे
जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र नाथ पांडे भी मौजूद रहे। मंच पर पहुंच कर सर्वप्रथम प्रदेश अध्यक्ष महेंद्रनाथ पांडे ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक संकल्प पत्र के साथ चुनाव मैदान में है। भारतीय जनता पार्टी नगर निकाय चुनावों के साथ ही लोकसभा चुनाव में भी पूर्ण बहुमत के साथ अपनी सरकार बनाएगी। वहीं उन्होंने बिना नाम लिए समजवादी पार्टी से पूर्व नगर विकास मंत्री आजम खां के ऊपर कटाक्ष करते हुए उनको उल्टी खोपड़ी का इंसान बताया।
-लीजेंड न्यूज़
The post चुनाव प्रचार के लिए आए सीएम योगी की घोषणा: मथुरा के सभी नौ स्थलों को भी बहुत जल्द तीर्थस्थल घोषित किया जाएगा appeared first on Legend News: Hindi News, News in Hindi , Hindi News Website,हिन्दी समाचार , Politics News - Bollywood News, Cover Story hindi headlines,entertainment news.

No comments:
Post a Comment