पुलिसकर्मियों को चूड़ियां देकर जताया विरोध, मांगा योगी से इस्तीफा
लखनऊ। उन्नाव प्रकरण को लेकर गुरूवार को कांग्रेस के महिला संगठन की पदाधिकारियों व कार्यकत्रियों ने योगी सरकार को घेरा और सड़कों पर उतर पर नारेबाजी करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष व सांसद सुष्मिता देव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने विरोध मार्च निकाला। युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भी महिला संगठन का साथ दिया।
माल एवेन्यू स्थित कांग्रेस दफ्तर से मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “बीजेपी तेरे जमाने में, रेप हो गया थाने में”, “बेटी बचाओ-बीजेपी भगाओ” जैसे नारे लिखे पोस्टर हाथों में ले रखे थे और लगातार मोदी-योगी विरोधी नारे लगाती रहीं। महिला कांग्रेस ने पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाए और कहा कि पुलिस की लापरवाही के कारण ही पीड़िता के पिता की जान गई।
महिलाएं मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के आवास तक मार्च करना चाह रही थीं लेकिन लाल बहादुर शास्त्री मार्ग पर पुलिस ने बैरीकेडिंग लगा कर उन्हें रोक लिया। महिला पदाधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को चूड़ियां देकर अपना विरोध जताया। इस दौरान करीब आधे से पौन घंटे तक पुलिसकर्मियों से इनकी धक्का-मुक्की और नोकझोंक हुई। इसके बाद पुलिस सभी को गिरफ्तार कर बस में भर कर कैंट थाने ले गई।
थाने पहुंच कर भी महिलाओं ने विरोध जारी रहा। महिलाएं का कांग्रेस कार्यकर्ता उन्नाव मामले में भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर व उनके भाई के खिलाफ़ तुरंत व सख्त कार्यवाही की मांग को लेकर थाने का घेराव कर नारेबाजी कर रहे हैं। महिलाओं का कहना है कि हमें जुमला नहीं नारी का सम्मान चाहिए।
कांग्रेस महिला अध्यक्ष सुष्मिता देव ने कहा कि हमारी मांग है कि योगी इस्तीफा दे, नहीं तो पीएम नरेन्द्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह सूबे के मुख्यमंत्री पद से योगी आदित्यनाथ को हटाएं। योगी ने कुर्सी पर बने रहने का नैतिक अधिकार खो दिया है।
विरोध मार्च में पूर्व सांसद अन्नू टंडन, विधायक आराधना मिश्र और अदिति सिंह, महिला नेता आरती बाजपेयी, अनुपमा रावत, शमीना शफीक समेत तमाम महिलाएं शामिल रहीं।

No comments:
Post a Comment