मुरादाबाद। आरटीओ और ट्रैफिक पुलिस ने शहर में चल रहे तकरीबन तीन हजार अवैध ई-रिक्शा पर कार्यवाही शुरू कर दी है। इस अभियान में गुरूवार को 180 ई-रिक्शा सीज किये जा चुके है। पुलिस के मुताबिक यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। साथ ही शहर में चल रहे करीब तीन हजार अवैध ई-रिक्शा को पकड़ कर उन्हें जप्त कर लिया जायेगा।

बता दें कि शहर में चल रहे अवैध ई-रिक्शा पर कार्यवाही शुरू की गई है जिसमे आरटीओ और ट्रैफिक पुलिस ने उनकी धरपकड़ का अभियान शुरू किया है। पुलिस के मुताबिक शहर में करीब ढाई से तीन हज़ार ई-रिक्शा अवैध रूप से चल रहे है। बड़ी मात्रा में हुई इस कार्यवाही के बाद शहर में ई-रिक्शा चालकों में हड़कंप मच गया है।
एसपी ट्रैफिक सतीश चन्द्र ने बताया कि शहर में कुल 1400 ई-रिक्शा पंजीकृत है वहीं इसके विपरीत तीन हज़ार अवैध ई-रिक्शा सड़कों पर चल रहे हैं। उन्हीं की धरपकड़ के लिए यह अभियान शुरू किया गया है।

अभी तक इस अभियान में कुल 180 अवैध ई-रिक्शाओं को सीज किया जा चुका है। ऐसे अवैध ई-रिक्शाओं पर आगे भी कार्यवाही जारी रहेगी। वहीं उन्होंने शहर में जाम के हालात को देखते हुए एक नई प्रक्रिया शुरू करने की बात कही है जिसमे उन्होंने बताया कि पूरे शहर को चार जोन में बांटा जायेगा। हर जोन में ई-रिक्शा और ऑटो की संख्या अलग होगी, किस जोन में कौन सा ऑटो-रिक्शा चलेगा ये निर्धारित किया जायेगा। हर जोन के अनुसार उनका कलर और नंबर भी निर्धारित किया जाएगा। हफ्ते भर के बाद इस प्लान पर कार्य शुरू किया जायेगा जिससे इनकी संख्या पर कण्ट्रोल किया जा सकेगा साथ ही अवैध ई-रिक्शों पर लगाम लगाई जा सकेगी।

No comments:
Post a Comment