बहराइच। राज्य पेयजल एवं स्वच्छता मिशन के तहत जिले में पहले चरण में 24 परियोजनाओं के पूरा होने के बाद दूसरे चरण में 71 नई परियोजनाओं की स्थापना की स्वीकृति मिली है। इन्हें मिलाकर ग्रामीण क्षेत्रों के कुल 95 जगहों पर पाइप लाइन के जरिए पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था पूरी होगी। जिले के भ्रमण पर पहुंचे ग्राम्य विकास विभाग के विशेष सचिव व राज्य पेयजल एवं स्वच्छता मिशन के अधिशाषी निदेशक सुरेंद्र राम ने अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यो को तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए। विशेष सचिव ने विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक में कहा कि विश्व बैंक सहायतित पेयजल परियोजनाओं को हर हाल में मार्च 2020 तक केंद्र सरकार द्वारा पूरा करने का लक्ष्य दिया गया है।
इसके लिए उपलब्ध बजट व समय को बराबर बांट कर कार्य योजना तैयार करें। हर महीने होने वाले कार्यों का चार्ट बना लें। साप्ताहिक व प्रतिदिन के आधार पर प्रगति रिपोर्ट तैयार करें। बैठक में सीडीओ राहुल पांडेय डीडीओ अरूण कुमार आर्य डीपीआरओ केबी वर्मा अधिशाषी अभियंता जल निगम आरबी राम समन्वयक संतोष कश्यप समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। इसके बाद निरीक्षण भवन में बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि जिले में पहले चरण की 24 पेयजल परियोजनाओं में से 22 परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं। दो परियोजनाएं आंशिक अपूर्ण हैं। द्वितीय चरण में मार्च 2020 तक जिले में 71 नई परियोजनाएं स्थापित करने की स्वीकृति सरकार द्वारा दी गई है। इन परियोजनाओं के लिए बजट की कोई कमी नही है।

No comments:
Post a Comment