
सीतापुर। विकास खण्ड खैराबाद के प्रांगण में ग्राम स्वराज अभियान के अन्तर्गत आजीविका एवं कौशल विकास मेले का आयोजन किया गया। जिसका शुभारम्भ मुख्य अतिथिगण शिव प्रकाश राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री एवं मंत्री महिला कल्याण, परिवार कल्याण, मातृ एवं शिशु कल्याण एवं पर्यटन/प्रभारी डा0 रीता बहुगुणा जोशी द्वारा दीप प्रज्जवलित कर किया गया। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये शिव प्रकाश ने कहा कि हमारा जो देश है इसकी आबादी बहुत बड़ी है अब इसकी आबादी एक अरब पैंतिस करोड़ होने जा रही है। देश के अन्दर जितनें लोग शिक्षित होकर तैयार होते हैं उतनें रोजगार नहीं हैं, देश के अन्दर बेरोजगारी एक बहुत बड़ी समस्या बनकर खड़ी है। उन्होंने कहा कि इस देश की आवश्यकता इस बात की है कि बीए व एमए से काम नहीं चलेगा, शुरू से ही उसको रोजगार से जोड़ा जाये। उन्होंने कहा कि बनारस में लोग काफी संख्या में साड़ी उद्योग से जुड़े हैं तथ फिरोजाबाद में चूड़ी के उद्योग से लोग जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि नौजवान छोटे-छोटे उद्योगों से अपने परिवारों को चला सकते हैं। उन्होंने कहा कि नौजवान पढ़ाई करते समय कोई हुनर जरूर सीखें ताकि नौकरी न मिलने पर यही हुनर परिवार चलाने में काम आये। उन्होंने कहा कि हर सरकार का कर्तव्य है कि वह सभी लोगों को काम दे। उन्होंने कहा कि हमारे यसस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने युवाओं के लिये कौशल विकास प्रशिक्षण शुरू किया है यह एक ड्रीम प्रोजेक्ट है, इससे युवाओं को रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि कुटीर उद्योगों को बढ़ावा दें तभी हमारे देश की आर्थिक उन्नति होगी। उन्होंने कहा कि कोई काम छोटा या बड़ा नही होता है, काम केवल काम है।
इसलिये काम श्रेष्ठ है और आप किसी भी काम को जिसमें आपको महारथ हासिल हो उसको कर सकते हैं। इस अवसर पर कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये डा0 रीता बहुगुणा जोशी ने कहा कि मुझे आज बहुत प्रसन्नता हुयी है कि मैं इस शिविर में हूं। उन्होंने कहा कि देश की महिलाओं की स्थिति अच्छी होगी तभी देश की तरक्की होगी। उन्होंने कहा कि हमारे युवा अच्छी उड़ान ले सकें इसलिये केन्द्र सरकार तथा उप्र सरकार ने बहुत सी योजनाएं उनके लिये चलायी हैं। उन्होंने कहा कि यहां की बनी दरियों ने पूरे विश्व में धूम मचा रखी है। उन्होंने कहा कि यहां के कारीगरों में जो हुनर है उसे निखारनें के जरूरत है। उन्होंने कहा कि हमारे मा0 मुख्यमंत्री योगी जी ने वन डिस्टिक वन प्रोडक्ट योजना की शुरूआत की है। इसलिये सीतापुर के उत्पाद दरी पर तवज्जो देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि हमारे मुख्यमंत्री ने विभिन्न पदों की पांच लाख भर्तियों को शुरू करने जा रहे हैं। शीघ्र ही इसका विज्ञापन जारी किया जायेगा। पढ़ाई के साथ-साथ कोई हुनर सीखिये। उन्होंने कहा कि सिर्फ सामान्य शिक्षा से काम नहीं चलेगा कौशल विकास में प्रशिक्षण लें और हम लोग आगे इसे एक विषय के रूप में जोड़ देंगे। उन्होंने कहा कि वही सीखिये जो आपको सीखनें का सौख हो। उन्होंने कहा कि जो भी लाइन आप पकड़ो उसमें पूरी तरह परिपक्व बनों। जिनके पास हुनर होगा उनके पास नौकरी की कमी नही होगी।
उन्होंने लिज्जत पापड़ की मिशाल देते हुये कहा कि इसकी शुरूआत एक घर से हुयी थी आज पूरे भारत में यह बिक रहा है। उन्होंने महिलाओं से कहा कि हर काम महिलाएं कर सकती हैं। उन्होंने कौशल विकास योजना के अन्तर्गत मानव सेवा संस्थान की 16 लड़कियों को नियुक्ति पत्र दिये तथा उन्होंने कौशल विकास की लड़कियों को ड्रेस भी वितरित की। कार्यक्रम का संचालन परियोजना निदेशक डीआरडीए राजेश कुमार त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर सूचना विभाग द्वारा मुन्ना जादूगर एण्ड पार्टी के माध्यम से भारत सरकार, उप्र सरकार द्वारा चलायी जा रही योजनाओं के बारे में जनता को बताया गया। इस अवसर पर विभागों द्वारा अपनी योजनाओं से संबंधित स्टाल लगाये गये तथा पम्पलेट वितरित किये गये। सूचना विभाग द्वारा भी प्रदर्शनी लगायी गयी तथा एक साल नई मिसाल, सबका साथ सबका विकास नामक प्रचार साहित्य का वितरण अपने स्टाल से किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम को सदर विधायक राकेश राठौर ने भी सम्बोधित किया। कार्यक्रम में विधायक सेवता ज्ञान तिवारी, विधायक मिश्रिख रामकृष्ण भार्गव, विधायक महोली शशांक त्रिवेदी, जनपद प्रभारी मानपाल सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अजय गुप्ता, मुख्य विकास अधिकारी देव कृष्ण तिवारी, उपायुक्त मनरेगा, जिला पंचायत राज अधिकारी, लीड बैंक मैनेजर, खण्ड विकास अधिकारी खैराबाद राबिया बेगम तथा समस्त संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment