
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने मोदी-योगी सरकार पर केवल चुनावी स्वार्थ की राजनीति करने का आरोप लगाया है। मायावती ने कहा कि भयंकर आंधी-तूफान के कारण यूपी, राजस्थान व हरियाणा आदि राज्यों में व्यापक तबाही हुई, जिसमे जान-माल के बहुत नुकसान हुआ, लेकिन दोनों सरकारें उदासीनता व लापरवाही बरते हुए हैं। यही नहीं दोनों मोदी-योगी बेफिक्र होकर कर्नाटक की चुनावी राजनीति के स्वार्थ में व्यस्त है।
पार्टी की ओर से आईपीएन को भेजे गए अपने बयान में बसपा मुखिया मायावती ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर केवल चुनावी स्वार्थ की राजनीति करने का आरोप लगाते हुये कहा कि ऐसी संकीर्ण सोच वाली सरकार से व्यापक जनहित व देशहित की कोई ज्यादा उम्मीद नहीं की जानी चाहिये। उन्होंने कहा कि यही सब कुछ इनके शासन के लगभग चार वर्षों के कार्यकाल में अबतक देखने को मिला है और आज यही कारण है कि जबर्दस्त आंधी-तूफान में भारी जानमाल की हानि होने के मामले में भी भाजपा की केन्द्र व इनकी उत्तर प्रदेश व राजस्थान आदि राज्यों की सरकारें घोर लापरवाह व पूरी तरह से कर्तव्यविहीन बनी हुई हैं।
मायावती ने कहा कि भयंकर आंधी-तूफान के कारण खासकर उत्तर प्रदेश, राजस्थान व हरियाणा आदि राज्यों में हुई व्यापक तबाही व जान-माल के बहुत बड़े नुकसान के बाद भी प्रधानमंत्री मोदी व प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की गम्भीर उदासीनता व घोर लापरवाही भी पूरी तरह से देश की आमजनता के सामने है। उन्होंने कहा कि मोदी-योगी पीड़ित हजारों परिवारों की सुध लेकर उन्हें राहत पहुंचाने और पीड़ितो की मुसीबतों को कम करने की संवैधानिक जिम्मेदारी निभाने के बजाय चुनावी दौरों में व्यस्त हैं, क्योंकि उनकी राजनीति का खास मकसद ही हर हाल में चुनाव जीतना है। फिर जनहित के विरूद्ध हर प्रकार की हठधर्मी लगातार करते रहना है, जोकि आजकल हर मामले में देश व उत्तर प्रदेश में देखने को मिल रहा है।

No comments:
Post a Comment