मुरादाबाद। देश विदेश में अपने हुनर की चमक बिखेरने वाले पीतल कारोबारी आज बिजली विभाग की यातनाओं का शिकार हो रहे है। उन्हें बेवजह विभागीय कर्मचारियों और अधिकारियों द्वारा प्रताड़ित किया जा रहा है। उनसे अवैध वसूली की जा रही है। उनके घरों में घुस कर महिलाओं और बच्चों को चेकिंग के नाम पर आतंकित किया जा रहा है। इस तरह का आरोप लगाते हुए सोमवार को पीतल कारोबारियों ने कलेक्ट्रेट पर जमकर प्रदर्शन किया है। प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे आल इंडिया यूनाइटेड ट्रेड यूनियन और पीतल मजदूर यूनियन (पीएमयू) ने यहां कहा कि बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा चेकिंग के नाम पर घोर उत्पीड़न किया जा रहा है। साथ ही नाजायज पेनाल्टी बना कर उनसे अवैध वसूली की जा रही है। कहा गया कि बिजली कर्मचारियों द्वारा फर्जी वीडियो बनाकर उनपर केस दर्ज किये जा रहे हैं। विभाग के अधिकारी और कर्मचारी किसी भी समय घरों में घुसकर महिलाओं बच्चों को आतंकित कर रहे हैं।
आल इंडिया यूनाइटेड ट्रेड यूनियन के प्रदेश सचिव विजय पाल सिंह ने कहा कि पीतल मजदूर और कारोबारियों की समस्या हमारे लिए सर्वोपरि है पीतल मजदूर यूनियन और आल इंडिया यूनाइटेड ट्रेड यूनियन इनकी समस्याओं को उठाता रहा है। बिजली को लेकर उनका उत्पीडन बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। मुरादाबाद में बरसों से कई अधिकारी जमे हुए है और अवैध वसूली कर अकूत धन दौलत के मालिक बन चुके हैं। शहर में सबसे अधिक बिजली चोरी विभागीय लोग करवा रहे है ऐसे में लाइन लॉस होना स्वाभाविक है। इसलिए यहाँ बरसों से जमे अधिकारियों की जाँच होनी चाहिए। उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की है कि बिजली चोरी के सभी मुकदमे की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा जांच पूरी होने तक उपभोक्ताओं को परेशान न किया जाए बिजली चोरी की जांच मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में होनी चाहिए। साथ ही रात के समय घरों के अंदर बिजली चोरी की जांच महिला अधिकारियों की उपस्थिति में कराई जाए। पीतल कारोबारियों को 24 घन्टे बिजली मुहैय्या करायी जाये। साथ ही छोटे दस्तकारों को बकाया बिजली बिल से राहत दी जाये।

No comments:
Post a Comment