भोपाल: मध्य प्रदेश के भोपाल से बीजेपी की उम्मीदवार साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर पर टिप्पणी कर गीतकार जावेद अख्तर मुश्किल में फंस गए हैं। उनके खिलाफ आपराधिक मानहानि का मुकदमा दायर किया गया है। दरअसल, उन्होंने साध्वी प्रज्ञा की तुलना रावण से की थी। अख्तर ने पिछले गुरुवार को भोपाल में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा था, ‘उसके भेष पर मत जाओ। सिर्फ इसलिए कि एक व्यक्ति संत की तरह दिखता है इसका मतलब यह नहीं है कि वह व्यक्ति संत है। यह मत भूलिए कि जब रावण सीता का अपहरण करने के लिए आया था, तो वह भी एक संत की तरह कपड़े पहने था।’
उसी शहर के एक वकील राजेश कांसुरिया ने यह आरोप लगाया कि जावेद ने साध्वी प्रज्ञा सिंह को जानबूझकर बदनाम किया। मामले की सुनवाई 24 मई, 2019 को होगी।
प्रज्ञा की उम्मीदवारी पर सवाल उठाते हुए जावेद अख्तर ने कहा था, ‘आपको (भाजपा) एक ऐसे स्थान की तलाश करनी चाहिए जो अनपढ़, सांप्रदायिक लोगों द्वारा बसाया गया हो और वहां से उसको लड़ाया जाए।’
उन्होंने कहा था, ‘मुझे लगता है कि भाजपा ने प्रज्ञा ठाकुर को भोपाल से उम्मीदवार बनाकर अपनी हार मान ली है। भाजपा ने यह मान लिया है कि अब अपने को अच्छा दिखाने का ड्रामा नहीं करना चाहिए और असल मुद्दे पर आ जाना चाहिए, वही चुनाव में काम आएगा। अभी तक जो पर्दा ओढ़ा गया था, उसे हटा दिया गया है। भाजपा को अगर जरा सा भी जीतने का विश्वास होता तो वह प्रज्ञा ठाकुर को टिकट नहीं देते। उन्हें भी प्रज्ञा को उम्मीदवार बनाने में तकलीफ हुई होगी, मगर मजबूरी वश उन्हें ऐसा करना पड़ा होगा।’

No comments:
Post a Comment