कांगड़ा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा में जनसभा की। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि 9 तारीख को बटन दबाकर उनको उखाड़ फेंकने का वक्त आ गया है, जिन्होंने हिमाचल को लूटा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस-मुक्त भारत के अपने नारे का औचित्य ठहराते हुए कहा कि पंडित नेहरू जनसंघ को मिटा देने की बातें करते थे। उन्होंने कहा, ‘जब पंडित नेहरू की सरकार थी, उस समय जनसंघ का जन्म हुआ। पंडित नेहरू कहा करते थे कि हम जनसंघ को जड़-मूल से उखाड़कर फेंक देंगे। आज हमने कांग्रेस-मुक्त भारत बनाने का बीड़ा उठाया और सड़ी हुई सोच से देश को मुक्त कर रहे हैं।’
पीएम ने कांग्रेस के घोषणापत्र में भ्रष्टाचार बर्दाश्त न करने के दावे पर तंज कसते हुए कहा कि सीएम तो खुद भ्रष्टाचार के मामले में जमानत पर हैं। उन्होंने कांग्रेस को लाफिंग क्लब बताते हुए हिमाचल प्रदेश का शोषण कर रहे ‘पांच राक्षस’ गिनाए।
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘जनता को जैसे ही मौका मिल रहा है, सफाई करती ही जा रही है। कांग्रेस अपने घोषणापत्र में कह रही है कि कांग्रेस की सरकार बनेगी तो करप्शन पर जीरो टॉलरेंस होगा, जबकि आपके वर्तमान मुख्यमंत्री खुद भ्रष्टाचार के आरोप पर जमानत पर हैं। मुझे लग रहा है कांग्रेस पार्टी लाफिंग क्लब बन गई है।’ पीएम ने यह भी कहा कि कांग्रेस के नेता उस कश्मीर की आजादी की बात करते हैं, जहां कितने ही जवान शहीद हुए और कोई भी कांग्रेसी इसकी निंदा करने की हिम्मत नहीं जुटा पाता।
मोदी ने कहा, ‘गलत इरादे से किया गया काम देश और जनता माफ नहीं करती। कांग्रेस आत्मचिंतन करे कि देशभर के कोने-कोने में जनता उन्हें सजा क्यों दे रही है?’ उन्होंने कहा, ‘देव और राक्षसों की लड़ाई की कहानियां पढ़ी गई हैं। देव कुछ भी अच्छा काम करते थे तो राक्षस विघ्न डालते थे और बाद में हारते थे। हिमाचल की देवभूमि में तो वर्तमान सरकार ने पांच राक्षसों को पनपने का मौका दिया है। ये राक्षस हैं- खनन माफिया, वन माफिया, ड्रग माफिया, टेंडर माफिया और ट्रांसफर माफिया। इन राक्षसों को मारने के लिए 9 नवंबर को बीजेपी का बटन दबाना होगा।’
पीएम ने यह भी कहा कि कांग्रेस अब महात्मा गांधी वाली कांग्रेस नहीं रही, अब यह सड़ी हुई सोच का नमूना बन चुकी है। मोदी ने कहा कि हम इस सड़ी हुई सोच से देश को मुक्त करने का जनजागरण करने निकले हैं और इसीलिए कांग्रेस मुक्त भारत की बात करते हैं।
बता दें, कांगड़ा का विधानसभा चुनाव में खास महत्व है। कांगड़ा विधानसभा सीटों की दृष्टि से हिमाचल का सबसे बड़ा जिला है, यहां 15 विधानसभा सीटें हैं।
-एजेंसी
The post हिमाचल में पीएम ने कहा, हम सड़ी हुई सोच से देश को मुक्त कर रहे हैं appeared first on Legend News: Hindi News, News in Hindi , Hindi News Website,हिन्दी समाचार , Politics News - Bollywood News, Cover Story hindi headlines,entertainment news.
No comments:
Post a Comment