जोधपुर। काला हिरण मामले में दोषी सलमान खान को कोर्ट ने 5 साल की सजा का एलान किया है। साथ ही उन पर 10 हजार रुपये जुर्माना भी लगाया गया है। खबरों की माने तो सलमान को जोधपुर जेल भेजा जा रहा है आज उन्हें जेल में ही रहना पड़ सकता है। वहीं सबूतों के अभाव में अन्य पांच आरोपियों को बरी कर दिया गया है। कोर्ट में सजा पर बहस के दौरान सलमान के वकील ने कोर्ट से कहा था कि कम से कम सजा दी जाए। लेकिन सरकारी वकील ने सलमान खान के लिए 6 साल की सजा की मांग की थी।
सलमान के अलावा ये हैं अारोपी
मालूम हो कि काला हिरण शिकार मामले में फिल्म अभिनेता सलमान खान, सैफ अली खान, अभिनेत्री नीलम, सोनाली, तब्बु व एक अन्य स्थानीय नागरिक आरोपी हैं। सलमान सहित सभी आरोपी जोधपुर में हैं। इस मामले में अंतिम बहस 28 मार्च को हुई थी। इसके बाद सीजेएम ग्रामीण देवकुमार खत्री ने इन आरोपियों पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था।
सलमान खान को 5 साल की सजा सुनाई गई है। एेसे में उन्हें हर हाल में जेल जाना पड़ेगा। सेशन कोर्ट में अपील दायर कर सजा सस्पेंड करानी पड़ेगी। लेकिन जब तक सेशन कोर्ट से सजा सस्पेंड नहीं होगी, तब तक जेल में रहना पड़ेगा।
सितंबर, 1998: काले हिरण के शिकार की ये घटना हम ‘साथ-साथ हैं’ फिल्म की शूटिंग के दौरान हुई। आरोप है कि सलमान खान, सैफ अली खान, तब्बू, सोनाली बेंद्रे और नीलम जोधपुर के पास कांकाणी गांव गए थे और वहां इन लोगों ने दो हिरणों का शिकार किया था। हालांकि लोगों ने इन्हें देख लिया था। इसके बाद ये जिप्सी में बैठकर फरार हो गए थे। उस वक्त एक स्थानीय ट्रैवल एजेंट भी इनके साथ था।


No comments:
Post a Comment