– गन्ना किसानों की समस्याओं को लेकर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के पदाधिकारियों ने किया धरना
सीतापुर। गन्ना किसानो की समस्याओं को लेकर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ने शुक्रवार को सेक्सरिया शुगर फैक्ट्री गेट पर धरना दिया। प्रदेश महासचिव अतुल गुप्ता के नेतृत्व में क्षेत्रीय किसानों ने प्रदर्शन करते हुये मिल प्रबन्ध तंत्र पर उत्पीड़न किये जाने के आरोप लगाया। उपजिलाधिकारी प्रेम प्रकाश श्रीवास्तव और जनरल मैनेजर केन डा.अनूप सिंह ने ज्ञापन लेते हुये समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
प्रदर्शनकारी किसानो का नेतृत्व करते हुये अतुल गुप्ता ने कहा कि गन्ना किसानों को मिल प्रबन्ध द्वारा समय से पर्चियां नही दी जा रही है, जिससे उनकी फसल का नुकसान हो रहा है। उन्होने कहा कि पेराई सत्र अन्तिम चरण में पहुंच गया है जबकि आज भी बड़ी संख्या में किसानों का गन्ना खेतों में खड़ा है। उन्होने कहा कि जिलाधिकारी शीतल वर्मा ने निर्देश दिये हैं कि जब तक किसानों के पास गन्ना रहेगा चीनी मिले बन्द नही होंगी।
अतुल ने कहा कि डीएम के इन निर्देशों का शतप्रतिशत पालन होना चाहिए, क्योंकि मिल प्रबन्धतंत्र द्वारा पर्चियां आवंटन में पारदर्शिता नही अपनाई जा रही है। 6 सूत्रीय मांग पर में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं का कहना है कि व्यापक रूप से गन्ना पर्चियों आवंटन किया जाये ताकि किसान समय रहते अपनी फसल मिल को दे सकें। किसानों का यह भी कहना है कि असरदार लोगों को कम रकबा होने के बावजूद पर्याप्त संख्या में पर्चियां मिल रही हैं, आम किसान ठोकरें खा रहा है। इस स्थित को मिल प्रबन्धतंत्र स्पष्ट करे।
गन्ना सेन्टरों पर वाहनों से गन्ना उतराई का लेबर चार्ज भी किसानों से ही लिया जा रहा है, जिस पर तत्काल रोक लगाई जाये। किसानों ने मिल प्रबन्धतंत्र से पूछा है कि पर्चिंयां आवंटन प्रक्रिया में कराये जाने वाले सर्वे का मानक क्या है? अतुल गुप्ता ने कहा कि किसानों से मिल गेट अपेक्षा सेन्टरों पर दलालों के माध्यम से कम रेट पर गन्ना खरीद कर ट्रकों में लोड कर मिल भेजा जा रहा है जिससे किसानों को निर्धारित मूल्य नही मिल पा रहा।
ज्ञापन लेने पहुंचे उपजिलाधिकारी प्रेम प्रकाश श्रीवास्तव और केन ऐरिया मेनेजर डा. अनूप सिंह ने समस्याओं के निस्तारण को लेकर प्रदर्शनकारी किसानों को आवस्वस्त किया है। इस मौके पर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष अमरदीप सिंह, घसीटे खां, ओम प्रकाश गुप्ता, बबलू अवस्थी, उत्तम वर्मा, नन्दू गुप्ता, रजनीश मिश्रा, सुशील मिश्रा, अतुल शुक्ला, सिद्ध नाथ मिश्रा, विब्बू अवस्थी, मंगल यादव, मुनन सिंह, आलोक मिश्रा, छोटू यादव सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय किसान मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment