जलालाबाद। अफगानिस्तान के पूर्वी शहर जलालाबाद में आज सिलसिलेवार बम धमाके हुए जिसमें कम से कम नौ लोग मारे गये और लगभग 40 लोग घायल हो गये।
नांगरहार प्रांतीय प्रशासन के प्रवक्ता अताउल्ला खोगयानी ने बताया कि एक के बाद एक तीन धमाकाें की आवाज सुनायी दी। पहला धमाका एक कार बम के जरिये एक इमारत के प्रवेश द्वार पर किया गया। इसके बाद सशस्त्र आतंकवादी इमारत में घुस गये। इमारत में छिपे आतंकवादियों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गयी। इस इमारत में सरकारी अकाउंट कार्यालय है। जन स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि एक बच्चे समेत कम से कम नौ लोगों की मौत हो गयी है और 36 अन्य घायल हो गये हैं। यह हमला शहर के भीड़भाड़ वाले इलाके में हुआ जहां कई अन्य सरकारी इमारतें भी मौजूद हैं।
इमारत में छिपे आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ अभी जारी है। इमारत से धुआं निकलता नजर आ रहा है। विस्फोट के कारण लोगों में दहशत फैल गयी है। प्रांतीय परिषद के एक सदस्य ने बताया कि रॉकेट चालित ग्रेनेड और मशीन गनों से लैस कम से कम चार सशस्त्र हमलावर अब भी इमारत में मौजूद हैं आैर उनकी पुलिस के साथ मुठभेड़ जारी है। अभी तक किसी भी व्यक्ति अथवा संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।


No comments:
Post a Comment