– ग्रामीणों ने एनएच 24 जामकर किया प्रदर्शन
सीतापुर। जिले में आदमखोर कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला खैराबाद के महेशपुर चिलवारा गांव का है जहां पर आदमखोर कुत्तों ने एक बच्ची को नोच-नोचकर मौत के घाट उतार दिया। घटना का पता चलते ही इलाके के ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया और उन सभी ने लाठी डंडे लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग 24 को जाम करके प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी चालू कर दी। वहीं मृतक बच्ची के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। सभी पुलिस और प्रशासन की अकर्मण्यता को जिम्मेदार मान रहे हैं।
पूरे प्रदेश में चर्चित हो चुके खैराबाद के कुत्तों के मामले में दो दिन पहले प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इलाके का दौरा किया था, मृतकों और घायलों को मुआवजे का भी ऐलान किया था और आश्वासन दिया था कि समस्या का त्वरित समाधान निकाला जाएगा लेकिन परेशान के ढुलमुल रवैये से ऐसा होता नहीं दिख रहा। अब तक एक दर्जन से अधिक बच्चों को आदमखोर कुत्ते अपना शिकार बना चुके हैं लेकिन प्रशासन ये तक पता नहीं कर पा रहा कि ये कुत्ते ही हैं या कोई और जानवर। रोजाना ही रही हमले की घटनाओं ने प्रशासन के दावों को धज्जियां उड़ाकर रख दी हैं।
लगातार घट रही घटनाओं से जहां ग्रामीणों में अपने बच्चों की जान को लेकर भय व्याप्त है वहीं समस्या के निस्तारित न होने को लेकर आक्रोश भी। ग्रामीणों का कहना है प्रशासन के ऊपर तो मुख्यमंत्री के आदेश का भी असर नहीं हो रहा है। अगर ऐसा रहा तो गांव में रहना दूभर हो जाएगा।


No comments:
Post a Comment