बिहार बोर्ड का 10वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम मंगलवार को जारी कर दिया गया। रिजल्ट की घोषणा शिक्षा मंत्री कृष्णनंदन प्रसाद वर्मा ने की। दसवीं कक्षा के नतीजे बोर्ड की ऑफिशयल वेबसाइट biharboardonline.bihar.gov.in और biharboardonline.in पर देखें जा सकते हैं। रिजल्ट जारी करते हुए एजुकेशन मिनिस्टर ने कहा कि परीक्षा परिणाम से एक बार फिर महिला सशक्तिकरण की मिशाल पेश हुई है। उन्होंने इस दौरान टॉपर छात्र-छात्राओं को बधाई दी।
इस दौरान बोर्ड के चेयरमैन आनंद किशोर ने कहा कि इस बार परीक्षा परिणाम पिछले साल की तुलना में काफी अच्छे रहे। इसका प्रमुख कारण बोर्ड की तरफ से प्रश्नपत्र में 50 प्रतिशत ऑब्जेक्टिव प्रश्न को शामिल करना रहा। हर बार की तरह इस बार भी सिमुलतला आवासीय विद्यालय के छात्रों का जलवा रहा। सिमुलतला की प्रेरणा 500 में से 457 अंक पाकर पहले नंबर पर रही। वहीं दूसरे नंबर पर 454 अंकों के साथ सिमुलतला की प्रज्ञा और शिखा कुमारी रही हैं।
इस बार बोर्ड की तरफ से शीर्ष तीन स्थान पर रहने वाले छात्रों को क्रमश: एक लाख, 75 हजार और 50 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा। इसके अलावा टॉपर छात्रों को लैपटॉप, ई-बुक और स्टेशनरी भी दी जाएगी। इसके अलावा चौथे से दसवें नंबर पर रहने वाले कक्षा 10 के प्रत्येक छात्र-छात्राओं को 10 हजार रुपये और एक लैपटॉप दिया जाएगा। पहले रिजल्ट सुबह 11.30 बजे जारी होना था। लेकिन बाद में बोर्ड की तरफ से बताया गया कि रिजल्ट शाम 4.30 बजे जारी किया जाएगा। इस वर्ष परीक्षा 21 से 28 फरवरी 2018 के बीच आयोजित की गई थी।
आपको बता दें कि इस साल बिहार के 1,426 परीक्षा केंद्रों पर मैट्रिक की परीक्षाओं का आयोजन किया गया था। इस साल करीब 17.70 लाख छात्र-छात्राएं दसवीं की परीक्षा में शामिल हुए थे।


No comments:
Post a Comment