नई दिल्ली। शिवसेना और बीजेपी के बीच आई खटास खत्म करने के लिए अमित शाह खुद शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे से मुलाकात की लेकिन इसके बाद भी शिवसेना बीजेपी के सुलह करने के मूड में नहीं है। उद्धव ठाकरे ने ऐलान कर दिया है कि वो अगले लोकसभा चुनाव में अकेले चुनावी मैदान में रहेंगे। उद्धव ठाकरे ने ऐलान किया है कि श्रीनिवास वनगा पालघर लोकसभा क्षेत्र से पार्टी के उम्मीदवार होंगे।

शिवसेना के 52 वें स्थापना दिवस के मौके पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्हें घर-घर जाने के लिए कहा है। साथ ही ये पता लगाने के लिए भी कहा है कि केंद्र और राज्यसरकार की योजनाओं का लाभ लोगों को मिल पा रहा है या नहीं। ठाकरे ने कहा कि उन्होंने (बीजेपी) संपर्क फॉर समर्थन अभियान की शुरुआत की है, आप सत्य शोधन अभियान चलाइए। ठाकरे ने आगे कहा कि वे चुनावी तैयारी में जुट जाएं। ठाकरे ने ये भी कहा कि राज्य में अगला मुख्यमंत्री शिवसेना से ही होगा। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुंबई-अहमदाबाद के बीच चल रही महत्वाकांक्षी योजना बुलेट ट्रेन का विरोध करेंगे।
इसके अलावा पार्टी मुंबई वडोदरा एक्सप्रेस वे का भी विरोध करेगी। क्योंकि इन योजनाओं से महाराष्ट्र से ज्यादा लाभ गुजरात को मिलेगा। सूत्रों के मुताबिक पार्टी महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव अकेले लड़ने का विचार कर रही है। लेकिन लोकसभा चुनाव बीजेपी के साथ ही लडेगी क्योंकि ज्यादातर सांसदों का मानना है कि बीजेपी के साथ रहने से ही वो एकजुट विपक्ष के साथ रह पाएंगे।

No comments:
Post a Comment